scriptबारात निकली राम की और तांडव मचाया शिव ने, जानिए क्यों हुआ यह | ram bharat and shiv tandav update news in hindi | Patrika News
फिरोजाबाद

बारात निकली राम की और तांडव मचाया शिव ने, जानिए क्यों हुआ यह

देर रात को निकाली गई भगवान राम की बारात, देखकर दंग रह गए लोग

फिरोजाबादSep 23, 2017 / 03:25 pm

Santosh Pandey

shiv tandav

shiv tandav

फिरोजाबाद। फिरोजाबाद के टूंडला नगर में शुक्रवार देर रात मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम की बारात बड़ी धूमधाम से निकाली गई। इस दौरान भगवान शिव के स्वरूप के तांडव को देखकर हर कोई दंग रह गया। बारात के रास्ते में शिव ने जमकर तांडव मचाया। भस्म और भंग से सभी को सराबोर कर दिया। राम बारात में शिव तांडव देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। बारात का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
अलावलपुर से शुरू हुई थी बारात

राम बारात एटा रोड के अलावलपुर रोड से शुरू हुई थी। राम बारात का शुभारंभ मनप्रीत सिंह कीर ने फीता काटकर किया था। बारात में करीब एक दर्जन झांकी शामिल रहीं। इनमें सबसे आगे भगवान गणेश, उनके पीछे भगवान विष्णु, राधा-कृष्ण, भगवान शिव और मां दुर्गा की झांकी भी शामिल थीं। झांकियों के आगे चल रहे बैंड अपनी मधुर ध्वनि बिखेर रहे थे। वहीं धार्मिक गीतों पर युवा थिरकते हुए चल रहे थे। बीच-बीच में हो रही रिमझिम बरसात लोगों के मन को आनंदित कर रही थी।
खुली जटाओ के बीच गरजा आसमान

राम जी की बारात में शिवजी खुली जटाओ से तांडव मचा रहे थे, इधर आसमान में छाईं काली घटाओं के बीच बिजली कडकडा रही थी। इस दृश्य को देखकर हर कोई हैरान था। राम जी की कृपा मानकर लोग भक्ति के रस में सराबोर हो रहे थे। जगह-जगह जयश्रीराम और भोलेनाथ के जयकारे लग रहे थे। राम बारात सुभाष चैराहा, चै. चरण सिंह की प्रतिमा, सब्जी मंडी, भारत माता चैक होती हुई जनकपुरी को पहुंची। इस दौरान बारात का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
बारात के दौरान ही थमी बारिश

राम बारात निकलने से पूर्व जमकर बारिश हुई थी लेकिन जैसे ही राम बारात निकलने का समय हुआ। बारिश थम गई। सबसे बड़ी बात यह है कि जब तक बारात जनकपुरी नहीं पहुंची तब तक बारिश की हल्की फुहारें ही पड़ी। राम की बारात में उससे किसी प्रकार का व्यवधान पैदा नहीं हुआ। हल्ला गाड़ी के आगे चल रहे युवा नाचते गाते हुए चल रहे थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो