scriptरोड जाम, हंगामा, तोड़फोड़ और लंबे ‘बनवास’ के बाद नगर निगम में शामिल हुई ‘श्रीराम कॉलोनी’ | Shri Ram Colony joined Firozabad Municipal Corporation | Patrika News

रोड जाम, हंगामा, तोड़फोड़ और लंबे ‘बनवास’ के बाद नगर निगम में शामिल हुई ‘श्रीराम कॉलोनी’

locationफिरोजाबादPublished: Dec 10, 2019 10:05:30 am

Submitted by:

arun rawat

— फिरोजाबाद की यह कॉलोनी न तो गांव में ही मानी जाती थी और न हीं शहर में ही शामिल थी, इसलिए इस कॉलोनी में नारकीय हालात थे।

Shri Ram colony

Shri Ram colony

फिरोजाबाद। फिरोजाबाद की एक मात्र ऐसी कॉलोनी जो न तो गांव का हिस्सा थी और न हीं शहर की ही। अधर में लटके इस गांव में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए थे। सड़क, पानी, गंदगी और जलभराव के बीच लोगोंं का रोड़ जाम, हंगामा, तोड़फोड़ करने के बाद ‘ज्ञीराम कॉलोनी’ का ‘बनवास’ आखिरकार समाप्त हो गया। शासन ने इस कॉलोनी को नगर निगम में शामिल कर लोगों को राहत देने का काम किया है। अब इस क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्य हो सकेंगे।
Shri Ram colony
कई बार किए आंदोलन
श्रीराम कॉलोनी के लोगों द्वारा जब पानी की टंकी पर चढ़कर कुछ माह पहले आंदोलन किया था। तब इसकी समस्या शासनस्तर तक पहुंची थी। करीब 14 घंटे तक ग्रामीण पानी की टंकी के ऊपर बैठे रहे। इसके बाद शासन तक जब मामला पहुंचा तो तत्काल सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, नगर आयुक्त, पुलिस बल पहुंच गया था। इसके बाद मेयर नूतन राठौर पहुंचीं और पानी की टंकी पर ऊपर ही लोगों ने सभी को बुलाया। आश्वासन के बाद धरना देर शाम खत्म हुआ लेकिन लोगों के ऊपर मुकदमे लग गए। शिवकुमार राठौर ने लगातार हो रहे आंदोलनों का नेतृत्व किया था। शिवकुमार ने बताया कि सोमवार को जब सूचना मिली कि विकास को लेकर निगम में शामिल कर लिया है तो हम लोगों पर दर्ज मुकदमे का दर्द भूल गए। हमें न्याय चाहिए था विकास की दरकार थी जो पूरी हो गई।
श्रेय लेने को मची होड़
मेयर नूतन राठौर ने कहा कि नगर निगम का सदन शुरू हुआ तो सबसे पहले श्रीराम कॉलोनी का प्रस्ताव भेजा गया। आंदोलन के दौरान जब पानी की टंकी पर लोग चढ़े थे उन्हें उतारते समय यह आश्वासन खुद उन्होंने टंकी के ऊपर दिया था। इसे पूरा करा दिया है। लोगों में खुशी है। लोगों के बीच जाकर जब इसकी जानकारी दी तो लोगों ने मिठाई बांटी। ढोल नगाड़े बजाए गए। अब श्रीराम कॉलोनी के विकास की शुरूआत हो गई है। यह अब हमारी नगर निगम का हिस्सा बन गया है। जितना हो सकेगा उतना विकास कार्य तेजी से कराया जाएगा। विधायक मनीष असीजा ने कहा कि श्रीराम कॉलोनी के आगे और पीछे की कॉलोनी नगर निगम में हैं लेकिन इसी कॉलोनी को त्रुर्टिवश छोड़ दिया था। इस कारण जलनिकासी का कार्य भी नहीं हो पाया था। मामले को लेकर विधानसभा में मुद्दा उठाया। विधानसभा की आश्वासन समिति की बैठक में इसको लेकर प्रस्ताव भिजवाने की कवायद कराई। लगातार पैरवी के बाद अब निर्णय लोगों के पक्ष में आ गया है। यह श्रीराम कॉलोनी के लोगों के संघर्ष की जीत है। सपा के पूर्व सांसद अक्षय यादव बताते हैं कि हमने भी इसके लिए प्रयास किए थे।
फिरोजाबाद में जले दीपक
श्रीराम कॉलोनी के लोगों ने नगर निगम में शामिल होने के बाद दीपक जलाकर पटाखे फोड़े। शहर विधायक मनीष असीजा ने वार्ड में पहुंचकर लोगों को मिष्ठान खिलाकर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग अब पूरी हो गई है। इस वार्ड में रुके हुए विकास कार्य कराए जाएंगे। लोगों को अब किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो