नई दिल्ली। भारत की मेजबानी में खेले जा रहे फीफा अंडर-17 विश्व कप के चौथे दिन सोमवार को अमेरिका, माली, कोलंबिया और पराग्वे ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। चौथे दिन ग्रुप-ए और ग्रुप-बी के मैच खेले गए। ग्रुप-ए के मैच राष्ट्रीय राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए जबकि ग्रुप-बी के मुकाबले नवी मुंबई के डी.वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए। ग्रुप-ए के पहले मैच में अमेरिका ने घाना जैसी मजबूत टीम को 1-0 से हरा दिया। इस मुकाबले में अमेरिका के लिए अयो अकीनोला ने 75वें मिनट में विजयी गोल किया। इस जीत के साथ अमेरिकी टीम ग्रुप में शीर्ष पर मजबूत हुई है। अमेरिका के दो मैचों से छह अंक हो गए हैं। घाना ने अपने पहले मैच में कोलम्बिया को हराया था।