scriptISL 2018: महारष्ट्र डर्बी में मुंबई ने पुणे को दी 2-0 से पटखनी | ISL 2018: Mumbai City FC beat FC Pune City in first Maharashtra derby | Patrika News

ISL 2018: महारष्ट्र डर्बी में मुंबई ने पुणे को दी 2-0 से पटखनी

Published: Oct 20, 2018 08:19:56 am

Submitted by:

Akashdeep Singh

Indian Super League 2018, मुंबई सिटी एफसी ने महाराष्ट्र डर्बी मैच में एफसी पुणे सिटी को 2-0 से हरा दिया।

mumbai vs pune isl 2018

ISL 2018: महारष्ट्र डर्बी में मुंबई ने पुणे को दी 2-0 से पटखनी

नई दिल्ली। मुंबई सिटी एफसी ने गुरुवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। मुंबई ने अपने घर मुंबई फुटबॉल एरेना में खेले गए इस सीजन के पहले महाराष्ट्र डर्बी मैच में एफसी पुणे सिटी को 2-0 से हरा दिया। इस जीत के बाद मुंबई के तीन मैचों में एक हार, एक जीत और एक ड्रॉ के साथ चार अंक हो गए हैं और वह छठे स्थान पर आ गई है।


पुणे की अच्छी शुरुआत-
जिस तरह से पुणे ने शुरुआत की थी, उससे लगा नहीं था कि वह हारेगी। पुणे ने पहले ही मिनट में आक्रमण कर मेजबान टीम को चेतावनी दे दी। लालचुनामावई फनाई ने मुंबई की फॉरवर्ड लाइन को तोड़ा और बाईं छोर से अपने कप्तान इमिलियानो अल्फारो को गेंद सौंपी। अल्फारो ने गेंद पर हेडर लिया जो पोस्ट से बाहर चला गया।


मुंबई ने दागा पहला गोल-
मुंबई ने भी जोर लगाया हुआ था। मैच के छठे मिनट में ही मुंबई के कप्तान पाउलो मचाडो ने गोल पोस्ट की तरफ निशाना दागा जो विफल रहा। मैच को अभी सिर्फ नौ मिनट ही हुए थे कि मैच की पहली बुकिंग हो गई। पुणे के अशिके कुरियन को रैफरी ने खराब व्यवहार के कारण येलो कार्ड दिखा दिया। पुणे ने बेशक शुरुआत तेज की हो, लेकिन मेजबान टीम ने धीरे-धीरे अपने खेल में तेजी दिखाई और मैच का पहला गोल करते हुए पुणे को दबाव में ला दिया। मोदोयु साउगोउ ने 25वें मिनट में गोल करते हुए मुंबई को 1-0 से आगे कर दिया। यह गोल एक तरीके से मुंबई की अच्छी और पुणे की खराब किस्मत का मिलाजुला नतीजा था। राफेल बास्तोस ने बाएं छोर से गेंद को नेट में डालना चाहा जो बार से टकरा पर वापस आ गई और साउगोउ ने उसे आसानी से नेट में डाल मुंबई को एक गोल से आगे कर दिया।


मुंबई ने ली 2-0 की बढ़त-
पुणे दबाव से निकल पाती, इससे पहले ही मुंबई ने उसे और पीछे धकेल दिया। 45वें मिनट में मुंबई को पेनाल्टी मिली जिसे बास्तोस ने गोल में बदल कर मुंबई को 2-0 से आगे कर दिया। मुंबई को यह पेनाल्टी फनाई द्वारा साउगोउ को गिराने के बाद मिली जिसे भुनाने में बास्तोस ने कोई गलती नहीं की।


दूसरे हाफ में मुंबई ने खेला रक्षात्मक खेल-
दूसरे हाफ में दो गोल की बढ़त के साथ उतरी मुंबई की कोशिश बस गेंद को अपने पास रखने की थी। वह ज्यादा आक्रामक न होकर राक्षात्मक खेल से ही खुश नजर आ रही थी। इस बीच पुणे ने अपनी टीम में एक बदलाव किया। 59वें मिनट में कोच ने निखिल पुजारी को बाहर कर गुरतेज सिंह को मैदान पर उतारा। इससे एक मिनट पहले मुंबई के कप्तान माचाडो अपनी टीम के लिए तीसरा गोल करने से चूक गए थे। इंजरी टाइम में मुंबई को एक और पेनाल्टी मिली। लगा कि मुंबई 3-0 से जीत हासिल करेगी लेकिन पुणे के गोलकीपर विशाल कैथ ने लुसिया गोइयन की किक को रोककर मुंबई को तीसरा गोल नहीं करने दिया।

ट्रेंडिंग वीडियो