गाडरवारा

मुक्तिधाम में फिर लग रहे कचरे के ढेर

नीचे बने हैं रहवासी मकान, वर्षो पहले कचरे का ढेर धंसकने से हुई थी दर्जनों की मौत

गाडरवाराJan 17, 2020 / 06:40 pm

arun shrivastava

नीचे बने हैं रहवासी मकान, वर्षो पहले कचरे का ढेर धंसकने से हुई थी दर्जनों की मौत

गाडरवारा। स्थानीय मुक्तिधाम के बाजू में गहरा खाईनुमा स्थान बना हुआ है। इसी नीचे स्थान पर लोगों के मकान बने हुए हैं। बाजू में ऊचाई तक नपा द्वारा डाले गए कचरे का पहाड़ जमा है। हालांकि अभी यहां कचरा नहीं डाला जाकर पीछे के मैदान में डाला जा रहा है। लेकिन ढलान की हालत ऐसी है कि पुराना जमा कचरे का ढेर धंसकने से सीधा नीचे जाकर मकानों पर गिरने की आशंका बनी हुई है। बता दें कि सात आठ साल पहले बरसात के समय यहीं कचरे का ढेर धंसकने से नीचे बने कच्चे मकानों पर जा गिरा था। जिसमें लगभग एक दर्जन लोगों की मौत हुई थी। अब यहां नीचे पक्के मकान बन गए हैं। ऐसी घटना दोबारा होने पर गंभीर हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
नगर के इकलौते मुक्तिधाम की दशा सुधारने के लिए नपा ने अनेक प्रकार के प्रबंध किए हैं। सुविधाएं बढ़ाने के प्रयास भी किए गए हैं। लेकिन मुक्तिधाम के पास के ग्राउंड में आज भी नपा के सफाई वाहनों से लाकर शहर भर का कचरा फेंका जाता है। जिससे आसपास के रहवासियों को बदबू गंदगी की परेशानी से होकर गुजरना पड़ता है। यहां आवारा मवेशियों, शूकरों का जमावड़ा भी बना रहता है जो गंदगी को जहां तहां फैलाते रहते हैं।
फैल रहा कचरे का क्षेत्र
यहां कचरे का क्षेत्र बढ़ता जा रहा है। जो अब मुक्तिधाम के शवदाह स्थलों के पास तक आता दिख रहा है। यहां पूर्व में लोगों ने अपने परिजनों की स्मृति में जो समाधियां बनवाई थीं, उनके पास भी कचरा जमा देखा जा सकता है। साथ ही लोगों की मानें तो अनेक समाधियां लुप्त हो गई सा मिटा दी गई हैं। हालांकि अभी कचरा और पीछे की ओर डाला जा रहा है। लेकिन नगर पालिका के डंपिंग ग्राउंड की व्यवस्थाएं ठीक न होने एवं कचरे सुरक्षित निपटान न होने से शहर का कचरा एक मुसीबत बनता दिख रहा है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि पूर्व में कचरे से बिजली बनाने हेतु जबलपुर भेजे जाने की चर्चाएं जोरों पर थीं। लेकिन उस परियोजना का क्या हुआ यह भी किसी को नहीं पता। बहरहाल लोगों ने समय रहते प्रशासन से कचरे के ढेरों में सुरक्षा के ऐसे उपाय करने की मांग की है जिससे किसी भी दशा में कचरे का विशाल ढेर नीचे मकानों पर धंसकने से बचा रहे एवं दोबारा किसी हादसे की आशंका न रहे।

Home / Gadarwara / मुक्तिधाम में फिर लग रहे कचरे के ढेर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.