scriptमुहर्रम के मजमे में उमड़ा जनसैलाब | In the subject of Muharram, a great crowd | Patrika News

मुहर्रम के मजमे में उमड़ा जनसैलाब

locationगाडरवाराPublished: Sep 21, 2018 06:53:46 pm

Submitted by:

ajay khare

बाबाओं ताजियों की हुई आमद पहुंचे जायरीन अंचल में शांति सदभाव से मना मुहर्रम

muharram

muharram

गाडरवारा। अंचल में शुक्रवार को शहीदाने कर्बला की याद में मनाए जाने वाला पर्व मोहर्रम पर पहली तारीख से लेकर दस तारीख तक विविध आयोजन चलते रहे। लंगर छबील वितरण के साथ सवारियों का रन एवं मन्नत के शेर व परचम संदल का दौर भी चलता रहा। शुक्रवार को मोहर्रम की दस तारीख की सुबह सभी ताजिएदारों ने ताजियों को अपने मुकाम से इंदिरा काम्पलेक्स सब्जी मंडी के सामने ले जाकर रखा। सर्वप्रथम बड़े बली इमामबाड़े का दादा पीर का ताजिया बाद नमाज फजर उठाया गया। उसके बाद ही सारे शहर के ताजिए या हसन, या हुसैन के नारे लगाते हुए, सब्जी मंडी के सामने इंद्रा काम्पलेक्स पहुंचे। ताजियों के साथ मुस्लिम भाई लोभान पेश करते हुए चल रहे थे। शहर की सडकों से अलग-अलग काफिलों में नेजों के साथ सवारियां निकली जिनके दीदार के लिए मुस्लिम महिला-पुरूषों के अलावा हिन्दू भाईयों शामिल रहे। आमने-सामने से आ रही सवारियों के बाबाओं ने एक दूसरे को गले लगाकर मुलाकात की। सभी सवारियां ने शहर की दरगाहों व इमामबाड़ों अपनी हाजिरी पेश की। मजमे के दौरान शिवालय चौक, शक्तिचौक, सब्जी मंडी मार्ग के अलावा मजमें में जगह-जगह लंगर, छबील वितरित किया जा रहा था, जहां पर तबर्रूक लेने के लिए भारी भीड़ लगी रही, विविध कमेटियों द्वारा बाबाओं के लिए प्याले भी पेश किए गए। इंदिरा काम्पलेक्स सब्जी मंडी के सामने लगने वाले मजमें में लगभग दो दर्जन ताजियों के दीदार के लिए रखे हुए थे। इंदिरा काम्पलेक्स के ऊपर मजमे को देखने के लिए महिलाओं की भारी भीड़ लगी रही।
इंदिरा काम्पलेक्स बड़ी तादाद में लोगों ने पहुंचकर ताजियों की जियारत की और उन पर लोभान, इत्र, अगरबत्ती रेबड़ी चढ़ाईं। ताजियों पर मुस्लिमों के अलावा हिन्दू भाईयों द्वारा भी लोभान छोड़ा गया। जिसे देखकर साम्प्रदायिक सौहार्द नजर आया। जौहर की नमाज के पहले ही जलसा समाप्त हो गया।
रात को बाद नमाज इशा बारहभाई इमाम बाड़े के सामने चावड़ी पर ताजियों व सवारियों का मजमा लगना प्रारंभ हुआ। यहां पर सवारियों ने ताजियों के सामने अपनी सलामी पेश कीं। इसके अलावा बड़े बली इमामबाड़े, चांदशाह बली, बरिया वाले बाबा सहित शहर की सभी दरगाहों एवं इमामबाड़ों में पूरी रात जायरीनों ने पहुंचकर बाबा के सामने अपनी मन्नतें मांगी। यह सिलसिला पूरी रात चला। शहर की सड़कों पर पूरी रात शहनाई व नगाड़ों की धुन गूंजती रही। आज सुबह फजर की नमाज के बाद सभी ताजिए शक्कर नदी छिड़ाव घाट पर एकत्रित होंगे और आखिरी दर्शन के बाद करबला में विसर्जन के लिए रवाना होंगे।
शहीदी बयान के साथ रोजा अफ्तार
जामा मस्जिद में हाफिज जुबेर आलम द्वारा शहीदाने कर्बला की दास्तां तकरीर में बयान की गई। मोहर्रम की पहली तारीख से दस तारीख तक तकरीर का आयोजन चलता रहा। यौमे आशुरा की नमाज भी मस्जिद में पढ़ी गई। जुमे की नमाज में भी भारी मात्रा में नमाजी देखे गए। शाम को मगरिब की अजान होते ही रोजा अफ्तार का आयोजन मस्जिद में किया गया।
विधायक ने की ताजियों की जियारत
मोहर्रम के मौके पर क्षेत्रीय विधायक गोविंद सिंह पटेल ने संजय मार्केट पहुंचकर ताजियों की जियारत कर वहां लोभान एवं रेवडियां चढ़ाकर अपनी जायज मन्नतों का इजहार किया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो