गरियाबंदPublished: Jun 23, 2022 06:07:55 pm
CG Desk
शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार हुए दुर्घटना का शिकार। टक्कर इतनी तेज़ थी की घटनास्थल पर बाइक में आग लगने से झुलस गए सवार युवक। पढ़िए पूरी खबर।
गरियाबंद। जिले में आज एक दिल दहला देने वाला एक्सीडेंट हुआ है। हादसा गुरुवार सुबह का है जिसमें बाइक सवार दो युवक घटनास्थल पर ही जल गए और उनकी मौत हो गई, जबकि एक युवती सहित 2 अन्य घायल बताए जा रहे है। घायलों को घटना के बाद नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला पांडुका थाना के अंतर्गत आता है।
मिली जानकारी के अनुसार पीपरछेड़ी मदनपुर निवासी करन ध्रुव बुद्धवार रात अपनी एक 19 वर्षीय महिला मित्र के साथ शादी समारोह में शामिल होने पांडुका गया हुआ था। जिसके बाद आज गुरुवार की सुबह दोनों राजिम निवासी अपने एक दोस्त देवनारायण यादव (23वर्ष) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर पीपरछेड़ी वापस जा रहे थे। लेकिन तभी पांडुका मोड़ के पास अचानक सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन से उनकी भयंकर टक्कर हो गई। हादसा इतना विभत्स था कि बाइक में तेज आग लग गई और बाइक में बैठे दोनों युवक बुरी तरह से झुलस गए। जबकि बाइक सवार लड़की झटके से जमीन पर गिर गई। घटना में पिकअप चालक को भी चोट आई है। घटना की सुचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टर ने दोनों बाइक सवार युवकों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पांडुका पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों का शव भी उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। यातायात नियमों का उलंघन और लापरवाही से गाड़ी चलने से ही ऐसी घटनाएं होती हैं। ज़रा सी सावधानी जागरूकता से ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता है।