मिली जानकारी के अनुसार एवन कुमार साहू अपनी पत्नी मोतीबाई साहू के साथ गुरुवार को चुनाव के संबंध में रिटर्निंग अधिकारी द्वारा फिंगेश्वर जनपद पंचायत में आयोजित प्रशिक्षण बैठक में गए थे। वहां से वे दोनों मोटर साइकिल से वापस अपने गांव सिर्रीखुर्द जा रहे थे। इसी दरमियान बिजली गांव के तालाब के पास मेटाडोर ने साइड से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एवन कुमार साहू के सिर पर गंभीर चोट आई। उसे इलाज के लिए फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
एवन कुमार अखिल भारतीय क्रांति किसान सभा छत्तीसगढ़ के राज्य कमेटी सदस्य, अंशकालिक स्कूल सफाई कर्मचारी संघ जिला गरियाबंद के अध्यक्ष, भाकपा (माले) रेड स्टार के छत्तीसगढ़ राज्य कमेटी सदस्य के साथ हाल ही में ट्रेड यूनियन सेंटर ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। वे मजदूर, किसान जन आंदोलन में सक्रिय रहे। 4-5 नवंबर 2019 को राजिम मंडी से राजभवन रायपुर पदयात्रा में भी सम्मिलित रहे।
एवन कुमार के निधन पर भाकपा (माले) रेड स्टार के राज्य सचिव कॉमरेड सौरा यादव, अखिल भारतीय क्रांंतिकारी किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष मदन लाल साहू, राज्य सचिव तेजराम विद्रोही, सदस्य ललित कुमार साहू, उत्तम कुमार साहू, सिर्रीखुर्द के निवर्तमान सरपंच विजय कंडरा, उपसरपंच टिकेश्व साहू, स्कूल सफाई कर्मचारी संघ फिंगेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष तरुण साहू, सदस्यगण पुनीत साहू, चेतनराम सिन्हा, खेलावन साहू, दिनेश निषाद, पिलेश्वर सिन्हा, खुमान पटेल आदि ने शोक व्यक्त किया है।