scriptमौसम का बदला मिजाज, केंद्रों में रुकी धान खरीदी, बारिश से बचाने की हो रही मशक्कत | paddy crop purchasing stopped due to weather changes in chhattisgarh | Patrika News

मौसम का बदला मिजाज, केंद्रों में रुकी धान खरीदी, बारिश से बचाने की हो रही मशक्कत

locationगरियाबंदPublished: Dec 14, 2018 04:23:27 pm

Submitted by:

Deepak Sahu

छत्तीसगढ़ के देवभोग ब्लॉक में मौसम के बदले मिजाज के कारण धान खरीदी गुरूवार से चारों केंद्रों में बंद कर दी गई।

crops

मौसम का बदला मिजाज, केंद्रों में रुकी धान खरीदी, बारिश से बचाने की हो रही मशक्कत

देवभोग. छत्तीसगढ़ के देवभोग ब्लॉक में मौसम के बदले मिजाज के कारण धान खरीदी गुरूवार से चारों केंद्रों में बंद कर दी गई। पिछले दो दिनों से मौसम में बहुत ज्यादा बदलाव देखा गया है। वहीं सुबह से बदली छाए रहने के साथ ही लगातार दिन भर से हो रही बूंदाबांदी से मंडी कर्मचारियों और किसानों की परेशानी बढ़ गई है। स्थिति यह है कि मंडी कर्मचारियों को धान को बचाने के लिए तिरपाल का सहारा लेना पड़ रहा है।

वहीं, खरीदी बंद होने से सबसे ज्यादा परेशान किसान हो रहे हैं। ऐसे किसान जो कि धान खरीदी केंद्र तक धान ला चुके हैं, और उनका तौलाव होना बाकी है, ऐसे किसान झिल्ली लाकर धान को ढांककर रखवाली करते दिख रहे हैं। किसानों का कहना है कि मौसम के मिजाज में अचानक परिवर्तन आना परेशानी बन गई है। वहीं, प्रभारियों की माने तो मौसम में लगातार आ रही खराबी के चलते खरीदी बंद करना पड़ा।

इस समय समिति के जिम्मेदार पदाधिकारी और कर्मचारी लगातार बफर लिमिट बढ़ाए जाने से परेशान हैं। झाखरपारा समिति अध्यक्ष असलम मेमन का कहना है कि झाखरपारा संग्रहण केंद्र में जहां क्षमता करीब 5000 क्विंटल के आसपास की है, जब कि यहां बफर लिमिट पहले 4955 तय किया गया था, जिसे अभी हाल ही में बढ़ाकर 7754 क्विंटल कर दिया गया है। वहीं, इसी तरह देवभोग में धान रखने की क्षमता 4500 क्विंटल है, जब कि यहां की बफर लिमिट पहले 3799 तय किया गया था। अब उसे बढ़ाकर 8704 क्विंटल कर दिया गया है।

गरियाबंद के डीएमओ भौमिक बघेल ने बताया कि बफर लिमिट राज्य स्तर से बढ़ा दी गई है, वहीं बफर लिमिट को कम करने के लिए जिला स्तर से हमने पत्र प्रेषित किया है। वहीं, परिवहन की धीमी गति को बढ़ाने के लिए जल्द ही उचित कदम उठाया जाएगा।

देवभोग के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के ब्रांच मैनेजर एनएस ठाकुर ने बताया कि मौसम ज्यादा खराब होने के साथ ही बूंदाबांदी की स्थिति निर्मित हो गई, जिसके चलते पहले धान की सुरक्षा करने के लिए सभी संग्रहण केंद्रों में तालपतरी और झिल्ली ढकवाया गया। वहीं, मौसम की खराबी और बूंदाबांदी के चलते चारों केंद्रों में धान खरीदी बंद कर दी गई है। वहीं मौसम साफ होने के बाद जल्द ही खरीदी प्रारंभ कर दी जाएगी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो