गाज़ियाबाद

नेताओं की अक्ल देखिए, NCR में छाया है स्मॉग और प्रत्याशी बांट रहीं छाता

तीन प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज
 

गाज़ियाबादNov 13, 2017 / 06:32 pm

Iftekhar

गाजियाबाद. दिल्ली एनसीआर पर छाए हुए स्मॉग ने केन्द्र और प्रदेश सरकार की नींद उड़ा दी है। लेकिन नेताओं की अक्ल के क्या कहने। गाजियाबाद में वोट बटोरने के लिए चुनाव आचार संहिता और निष्पक्ष चुनाव कराने के आयोग के तमाम प्रयास को धता बताकर प्रत्य़ाशी छाता बांटने में जुटे हुए हैं। दरअसल यहां की नगर पालिका के एक वार्ड में प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह छाता मिला हुआ है। लोगों को वोट के लिए लुभाने के लिए छाता बांटा जा रहा था। पुलिस ने मौके से छह छाते जब्त भी किए हैं। इसके अलावा उसी इलाके में दो अन्य प्रत्याशियों द्वारा आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन किए जाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आचार संहिता का पालन कराने के लिए अब जिला प्रशासन ने अपनी टीम को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
खोड़ा नगर पालिका के वार्ड -25 से कांग्रेस पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ रही सुनीता शर्मा जुलूस निकालकर लोगों में पंचे बांट रही थी। वहीं, वार्ड 25 से ही निर्दलीय चुनाव लड़ रही सुनीता यादव भी जुलूस निकालकर छाता बांट रही थी। दरअसल, उनका चुनाव चिन्ह भी छाता है। इसलिए वह वोटरों को लुभाने के लिए छाता बांटती पाई गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छह छाता भी बरामद किए हैं। उधर, वार्ड नम्बर आठ से निर्दलीय चुनाव लड़ रही पिंकी मावी को भी आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए पाया गया।
पूरे मामले को देखते हुए अब जिला प्रशासन की तऱफ से निकाय़ चुनाव में सख्ती बढा दी गई है। गाजियाबाद को जोन और सेक्टर के हिसाब से बांटा गया है। प्रत्याशियों पर नकेल कसने के लिए 39 जोनल मजिस्ट्रेट औऱ 140 सेक्टर मजिस्ट्रेट को लगाया गया है।
खोड़ा थाना प्रभारी ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि तीन प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन किए जाने का मामला दर्ज किया गया है। इसमें एक कांग्रेस और दो निर्दलीय प्रत्याशी शामिल है। इसके अलावा अन्य प्रत्याशियों की भूमिका को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है।

Hindi News / Ghaziabad / नेताओं की अक्ल देखिए, NCR में छाया है स्मॉग और प्रत्याशी बांट रहीं छाता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.