Highlights:
-इस दौरान दो लड़की और एक लड़के के द्वारा कमरे में बंद होकर अपने आपको बचाया गया
-वहीं आरोप है कि छोटी लड़की (15) को दबंग घर से खींचकर बाहर ले गए
-उसके बाद से अभी तक लड़की का कोई अता-पता नहीं है
,,
गाजियाबाद। अभी हैदराबाद और उन्नाव कांड शांत भी नहीं हुआ था कि गाजियाबाद के थाना कवि नगर इलाके में शनिवार की सुबह एक ऐसा मामला सामने आया। जिसमें तीन लड़कों ने एक घर में घुसकर तीन लड़कियों और एक लड़के के साथ जमकर मारपीट की। बताया जा रहा है कि इस दौरान दो लड़की और एक लड़के के द्वारा कमरे में बंद होकर अपने आपको बचाया गया। वहीं आरोप है कि छोटी लड़की (15) को दबंग घर से खींचकर बाहर ले गए और उसके बाद से अभी तक लड़की का कोई अता-पता नहीं है। आरोप है कि तीनों युवक जबरन किशोरी को उठाकर ले गए।
इस पूरे मामले में पीड़िता के पिता रोहताश ने बताया कि वह मूल रूप से बुलंदशहर के रहने वाले हैं और थाना कविनगर इलाके के महरौली गांव में किराए के मकान में रहते हैं। शनिवार को पीड़ित लड़कियों के वह घर पर मौजूद नहीं थे और उनकी तीन बेटी व एक बेटा घर पर अकेले थे। वह झारखंड में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं और उनकी पत्नी आसपास के घरों में साफ-सफाई का कार्य करती है।
उन्होंने बताया कि शनिवार को भी उनकी पत्नी अपने काम पर गई हुई थी और वह खुद रांची में ही हैं। जब उनकी पत्नी घर पहुंची तो बच्चों से घटना की जानकारी मिली। जिसके बाद वह पास की पुलिस चौकी पहुंची। आरोप है कि चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वह थाना कवि नगर जाकर अपनी रिपोर्ट दर्ज कराएं। जहां पहुंचने के बाद भी पुलिसकर्मियों द्वारा रिपोर्ट लिखने में हिला हवाली की गई और पीड़िता की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। जिसकी जानकारी महिला के द्वारा अपने पति को दी गई।
पीड़ित पिता ने जानकारी मिलने पर मामले को लेकर पुलिस को ट्वीट कर सहायता करने की गुहार लगाई। जिसके बाद पुलिस द्वारा जल्द ही कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया गया है। रोहताश सिंह के अनुसार यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है और अभी तक भी उसकी लड़की का कोई अता पता नहीं है। अभी तक कोई रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई है।
उधर, इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए गाजियाबाद के एसपी सिटी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि इस तरह का मामला सामने आया है। इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही लड़की को बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।