गाज़ियाबाद

यूपी में प्रचंड गर्मी के बीच जल्द मानसून देने वाला है दस्तक, खत्म होगा बरसात का इंतजार

देश में इस साल मॉनसून समय से पहले आ सकता है। अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में पहली मौसमी बारिश 15 मई को होने की संभावना है।

गाज़ियाबादMay 14, 2022 / 08:58 am

Jyoti Singh

एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश शुक्रवार को जबरदस्त तपिश के दौर से गुजरा। कई जगहों पर दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ स्थित मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान लू चलने की संभावना जताई है। लेकिन इन सब के बीच अच्छी खबर है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार मॉनसून थोड़ा पहले ही आ सकता है, जिससे दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, बंगाल समेत कई राज्यों में लोगों को राहत मिल सकेगी। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए लंबी अवधि के अनुमान में यह बात कही गई है।
14 से 16 मई के दौरान बारिश की संभावना

देश में इस साल मॉनसून समय से पहले आ सकता है। अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में पहली मौसमी बारिश 15 मई को होने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक बयान में बताया कि दक्षिण पश्चिम मॉनसून के 15 मई 2022 के आसपास दक्षिणी अंडमान सागर और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में पहुंचने की संभावना है। ऐसे में समय से पूर्व मॉनसून आने की अनुकूल परिस्थितियां बनने और इसके केरल के ऊपर और फिर उत्तर की ओर बढ़ने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिन अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। द्वीपसमूह में 14 से 16 मई के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर लू

राष्ट्रीय राजधानी के अधिकतर इलाकों में शुक्रवार को लू चलती रही और नजफगढ़ में तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को अधिकतर स्थानों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। वहीं रविवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सफदरजंग वेधशाला में शनिवार को तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, वहीं कुछ स्थानों पर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले सप्ताह आसमान में बादल छाए का अनुमान है।
गाजियाबाद में राहत की उम्मीद नहीं

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि सेवियर हीट वेव्स चलेगी। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। 15 मई के बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, लेकिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही बना रहेगा। इस दौरान घर से बाहर निकलना नुकसानदेह होगा, इसलिए बहुत अधिक जरूरत हो तभी बाहर निकलें। शरीर को पूरी तरह से ढककर बाहर निकलें।

Home / Ghaziabad / यूपी में प्रचंड गर्मी के बीच जल्द मानसून देने वाला है दस्तक, खत्म होगा बरसात का इंतजार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.