गाज़ियाबाद

Ghaziabad: गहनों से लदी महिला का प्लास्टिक के बोरे में मिला शव, पुलिस भी हैरान, जानिए क्या है पूरा मामला

गाजियाबाद के लोनी में शनिवार को लाखों रुपए के गहने पहने हुए एक महिला का शव प्लास्टिक के बोरे में बरामद हुआ। महिला के शरीर पर चोट के निशान थे और उसके चेहरे पर तेजाब डाला हुआ था। पुलिस ने मृतका की पहचान के तमाम प्रयास किए लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी।

गाज़ियाबादMay 01, 2022 / 11:07 am

Jyoti Singh

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी इलाके में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब स्थानीय लोगों को प्लास्टिक के बोरे में एक महिला का शव पड़े होने की जानकारी मिली। यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को बोरे से बाहर निकाला तो महिला के शरीर पर चोट के निशान थे। सबसे ज्यादा हाथों पर चोट के निशान पाए गए और उसके चेहरे पर तेजाब डाला हुआ था। पुलिस ने मृतका की पहचान के तमाम प्रयास किए लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस को मृतका के पास मिले पर्स में बागपत से लोनी का एक टिकट भी मिला। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला बागपत इलाके की हो सकती है।
जानिए क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के नसबंदी तिराहा सब्जी मंडी रोड पर कुछ लोगों ने एक प्लास्टिक के बोरे को देखा। जिसमें किसी का शव प्रतीत हो रहा था। इसकी जानकारी लोगों ने स्थानीय पुलिस को दी तो सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां एक प्लास्टिक के बोरे के अंदर पुलिस को एक महिला का शव मिला। मृतका ने लाखों रुपए के गहने भी पहने हुए थे और उसके हाथों पर अधिक चोट के निशान थे। इसके अलावा पूरे शरीर पर भी चोट के निशान दिखाई दिए और महिला के मुंह पर पहचान मिटाने के उद्देश्य से तेजाब भी डाला हुआ था। पुलिस के तमाम प्रयास के बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई तो शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखा गया। ताकि महिला की शिनाख्त होने के बाद उसके परिजनों को सब सौंपा जा सके।
पुलिस ने जताई हत्या की आशंका

उधर, जिस इलाके में महिला का शव बरामद हुआ है, वह इलाका दिल्ली के भी बेहद नजदीक है। इसलिए यह भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला के हाथ बांधकर उसकी पहले पिटाई की गई है। उसके बाद हत्या कर उसके चेहरे पर तेजाब डाला गया है। महिला के साथ लूटपाट का अंदाजा इसलिए नहीं लगाया जा सकता क्योंकि लाखों रुपए के गहने महिला ने पहने हुए थे। उधर, मृतका के पास से एक पर्स भी बरामद हुआ। जिसमें बागपत से लोनी का एक टिकट भी मिला है। जिस तरह से एक प्लास्टिक के बोरे में महिला का शव मिला है। उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या कर उसके शव को यहां ठिकाने लगाया गया है। बहरहाल, पुलिस अभी आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी हुई है। ताकि यह जानकारी मिल सके कि आखिर किस वाहन से महिला के शव को लाया गया है।

Hindi News / Ghaziabad / Ghaziabad: गहनों से लदी महिला का प्लास्टिक के बोरे में मिला शव, पुलिस भी हैरान, जानिए क्या है पूरा मामला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.