script

शहीद की पत्नी ने तिरंगा झंडा फहराकर मनाया कारगिल विजय दिवस

locationगाजीपुरPublished: Jul 26, 2018 09:31:49 pm

Submitted by:

Akhilesh Tripathi

वक्ताओं ने कारगिल शहीद शेषनाथ यादव को देश की सुरक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वाला सच्चा देशभक्त बताया।

Kargil Vijay Diwas

कारगिल विजय दिवस

गाजीपुर. नंदगंज के धारवां के रहने वाले शेषनाथ यादव कारगिल में दुश्मनों से लोहा लेते समय वीरगति को प्राप्त हुए थे। गुरूवार को कारगिल विजय दिवस के मौके पर शहीद की पत्नी ने तिरंगा झंडा फहराकर शहीद शेषनाथ यादव के बलिदान को याद किया।
कारगिल विजय दिवस की शुरूआत शहीद की पत्नी सरोज यादव ने तिरंगा झंडा फहरा कर किया। उसके बाद लोगों ने शहीद शेषनाथ यादव के मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर शहीद को नमन किया। वहीं वक्ताओं ने कारगिल शहीद शेषनाथ यादव को देश की सुरक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वाला सच्चा देशभक्त बताया। वक्ताओं ने कहा कि शेषनाथ की वीरता व बलिदान से जनपद का सम्मान बढ़ा है। शहीद के बलिदान से नौजवानों को प्रेरणा लेने की जरूरत है।
वहीं चकेरी धाम के संत त्रिवेणी दास ने कहा कि शेषनाथ जैसे वीर सपूतों की कुर्बानी से ही हमारा देश सुरक्षित है। शेषनाथ ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी, उनकी शहादत पर क्षेत्र ही नहीं पूरा जनपद गर्व महसूस करता है। उन्होंने कहा कि धन्य है यह जनपद जहां शेषनाथ जैसे वीर सपूतों ने जन्म लिया है।
विजय दिवस पर देवकली ब्लॉक के प्रमुख प्रतिनिधि सच्चेलाल यादव ने कहा कि गाजीपुर के गौरवशाली इतिहास में शेषनाथ की शहादत स्वर्णाक्षर में अंकित है। देश के लिए मर मिटने वालों का इतिहास हमेशा अमर होता है। सत्या यादव ने कहा कि शेषनाथ जैसे बहादुर नौजवानों की वजह से ही हमारा देश के आगे दुश्मन घुटने टेकने पर मजबूर हैं।
BY- ALOK TRIPATHI

ट्रेंडिंग वीडियो