आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी, गाजीपुर पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कर दिया बड़ा ऐलान
एमएलसी चुनाव, आजम खां, सीएए, दिल्ली दंगा, किसान के मुद्दे पर सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने दिया बड़ा बयान

गाजीपुर. समाजवादी पार्टी विधान परिषद के लिए स्नातक व शिक्षक चुनाव की तैयारियों में जुटी है। इसी सिलसिले में रविवार को सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम कार्यकर्ताओं से मिलने गाजीपुर पहुंचे और चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। मीडिया से बातचीत में सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी चुनाव में अपने प्रत्याशियों की जीत के प्रति आश्वस्त करने के लिए आये हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विधान परिषद और राज्यसभा में अपनी संख्या पूरी करने के लिए जोड़-तोड़ की राजनीति कर रही है। दिल्ली दंगा और सीएए पर सरकार को घेरते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी अपनी विफलताओं को विपक्ष के पर मढ़ देती है।
आजम खान के सवाल पर नरेश उत्तम ने कहा कि सरकार समाजवादी पार्टी के नेताओं को जानबूझकर परेशान करने का काम कर रही है। आजम खान एक बड़े नेता हैं। उन्हें परेशान किया जा रहा है, निश्चित रूप से उनकी छवि को खराब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें कोर्ट पर पूरा भरोसा है, लेकिन सरकार समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ जो दमनकारी नीति अपनाये हुई है उसे जनता समझ रही है। अगले चुनाव में जनता दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। उन्होंने कहा कि इस वक्त देश के हालात ठीक नहीं है। यह सब कह रहे हैं। बीजेपी वोट की राजनीति करती है, इसलिए दिल्ली में एक सैकड़ा से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और हजारों की तादाद में लोग घायल हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए कलंक है। भारतीय जनता पार्टी आंतरिक और बाहरी सीमाओं को सुरक्षित रखने में नाकामयाब रही है।
2022 में बनेगी सपा की सरकार : नरेश उत्तम
सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने सरकार को किसान विरोधी बताया। कहा कि इस सरकार में किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रही है। किसान ही नहीं छात्र और महिलाएं भी इस सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि 2022 के विधानसभा चुनावों में हम अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे।
अब पाइए अपने शहर ( Ghazipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज