सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक लाख से अधिक मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है । तीन दशकों में शहर विधानसभा से किसी भी प्रत्याशी की सबसे बड़ी जीत है।सीएम इस सीट से 102399 वोटों के अंतर से चुनाव जीत गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे थे। अब तक योगी ने जिस उम्मीदवार को इस सीट से लड़ाया उसने जीत दर्ज की। शहर विधानसभा के मतदाताओं ने योगी के विकास कार्यों पर मुहर लगाते हुए उन्हें रिकार्ड मतों से जीत दी है।
पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़े मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहर सीट पर जीत का नया रिकार्ड बना दिया। पहली बार इस सीट पर भाजपा ने एक लाख से अधिक अंतर से जीत दर्ज की। गोरखपुर शहर सीट पर 34 राउंड में हुई मतगणना के दौरान आदित्यनाथ को 162961 वोट मिले। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की सुभावती शुक्ला को 102399 वोट से हराया। सुभावती को 60562 वोट मिले। इस सीट पर बसपा प्रत्याशी शमशुदीन को 7833 जबकि कांग्रेस की चेतना पांडेय को 2731 वोट मिले। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर को भी महज 7454 वोटों से संतोष करना पड़ा। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को महज 810 वोट मिले।