जीडीए द्वारा नीलामी की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है। लग्जरी क्रूज संचालन के लिए तीन लाख रुपये प्रति महीना किराये को आधार मूल्य निर्धारित किया गया था लेकिन कोलकाता की फर्म ने सात लाख 41 हजार रुपये की बोली लगाकर सबको चौंका दिया और क्रूज संचालन का अधिकार हासिल कर लिया। राजकुमार राय के नाम से बोली लगाई गई है। इस फर्म द्वारा कोलकाता में क्रूज का संचालन किया जाता है। इसी तरह फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के लिए ढाई लाख रुपये प्रति महीने किराया निर्धारित किया गया था लेकिन इसके लिए नाइस बेकर्स ने चार लाख 52 हजार रुपये में अधिकार प्राप्त किया है। क्रूज के लिए चार व फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के लिए तीन लोगों ने बोली लगाई।
रामगढ़ताल में एक से अधिक लग्जरी क्रूज का संचालन हो सकेगा। शर्त यह होगी कि अधिकतम बोली यानी 7.41 लाख रुपये महीना किराया देकर क्रूज का संचालन किया जा सकेगा। जो तीन फर्में बोली में पीछे रह गई हैं, वे भी इस किराए पर क्रूज का संचालन कर सकेंगी। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट एक ही होगा यानी जिस फर्म को अधिकार मिला है, वही रेस्टोरेंट का संचालन करेगा। क्रूज संचालन के लिए 10 वर्ष का एवं फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के लिए पांच वर्ष का अनुबंध होगा। लग्जरी क्रूज पर एक साथ 100 लोग पार्टी कर सकेंगे। नीलामी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जीडीए उपाध्यक्ष के समक्ष अधिकतम बोली लगाने वाली फर्मों को प्रस्तुतीकरण भी देना होगा।