एमपी पीजी में मयंक अध्यक्ष और दिव्यांशु महामंत्री
उपाध्यक्ष पद पर विशाल कुमार दुबे को छात्रों ने जिताया

गोरखपुर में छात्रसंघ चुनावों की शुरूआत हो चुकी है। यहां के महाराणा प्रताप पीजी काॅलेज जंगलधूसड़ में छात्रसंघ का चुनाव बिना किसी हुडदंग के संपन्न हो गया। करीब 75 प्रतिशत हुए मतदान में अध्यक्ष पद पर एमए लास्ट ईयर के छात्र मयंक तिवारी 210 वोटों से जीते। जबकि उपाध्यक्ष पद पर विशाल कुमार दुबे और महामंत्री दिव्यांशु रंजन चुने गए। नर्इ कार्यकारिणी को काॅलेज प्रबंधन व शिक्षकों ने शुभकामनाएं दी है।
पीजी काॅलेज के कैंपस में सुबह साढ़े आठ बजे मतदान प्रारंभ हो गया। छात्र मतदाताओं के लिए तीन बूथ बनाए गए थे। एक बजे तक पड़े मतों के बाद गिनती शुरू हुई। कुछ ही देर में परिणाम आने लगे। अध्यक्ष पद पर एम.ए. अन्तिम वर्ष के छात्र मंयक तिवारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीए अंतिम साल के विवेक विश्वकर्मा को हराया। मयंक को 941 मत मिले तो विवेक विश्वकर्मा को कुल 731 मत प्राप्त हुए थे। अध्यक्ष पद पर 29 मत अवैध घोषित किये गये।
वहीं, उपाध्यक्ष पद पर बी.ए. द्वितीय वर्ष के विशाल कुमार दुबे 65 मतों से विजयी घोषित किये गये। विशाल कुमार दुबे को कुल 853 मत प्राप्त हुए। जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी बी.काम. द्वितीय वर्ष के सुशील चन्द्र ओझा को कुल 788 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर 60 वोट अवैध भी डाले गए थे।
पुस्तकालय मंत्री पद पर बी.ए. भाग दो के अंकित कुमार पाण्डेय 953 मत पाकर 231 मतों से विजयी घोषित किये गये। पुस्तकालय मंत्री पद पर 26 मत अवैध घोषित किये गये। बी.एस-सी प्रथम वर्ष के निलेश नन्द को 722 मत प्राप्त हुए।
महामंत्री पद पर बी.एस-सी तृतीय वर्ष के दिव्यांशु रंजन को विजयी घोषित किया गया। दिव्यांशु ने कुल 453 मत प्राप्त किये जबकि सुनील कुमार सिंह 449 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे।
चुनाव अधिकारी डॉ. नन्दन शर्मा ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण-पत्र देकर शुभकामनाएं दी। प्राचार्य डाॅ.प्रदीप राव ने सभी विजयी पदाधिकारियों को बधाई देने के साथ परिसर में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने में मदद की अपील की है।
अब पाइए अपने शहर ( Gorakhpur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज