
मुस्लिम समाज की रमजान माह के तीसरे जुम्मे की नमाज अदा की
बरिश नहीं होने से आम आवाम परेशान है। उमस भरी गर्मी ने सबको परेशान कर रखा है। किसान की तो पूरी किस्मत बारिश के हाथों में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र में मुस्लिम कौम के लोगों ने बारिश के लिए शुक्रवार को दुआ मांगी। जुमे के नमाज के बाद नमाजियों ने विशेष दुआ की। मस्जिद के इमामों ने अल्लाह की बारगाह में बारिश के लिए फरियाद की तो नमाजियों ने इमाम की दुआ पर आमीन कहा।
गोरखपुर और आसपास के इलाके बारिश न होने की वजह से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। बारिश न होने से धान की फसल खेतों में सूख रही है। हर ओर तबाही मची हुई है। लोगों की इस परेशानी में मुस्लिम कौम के लोगों ने विशेष दुआ की। शुक्रवार को गौसिया मस्जिद छोटे काजीपुर के इमाम मौलाना मोहम्मद अहमद निजामी ने जुमे की नमाज के बाद बारिश के लिए खास दुआ की। दरगाह शरीफ नार्मल में इमाम मकसूद आलम मिस्बाही ने इंसानियत के लिए पैगाम दिया और बारिश के लिए दुआ की। अहमदी सुन्नी जामा मस्जिद सौदागार मोहल्ला बसंतपुर के इमाम कारी मोहम्मद मोहसिन बरकाती ने जुमा के फजायल बयान करते हुए बारिश और हज यात्रियों के लिए दुआएं की। सब्जपोश मस्जिद जाफरा बाजार के इमाम हाफिज रहमत अली निजामी ने पैगंबर-ए-इस्लाम की शान में तकरीर की और अल्लाह की बारगाह में बारिश के लिए गिड़गिड़ा-गिड़गिड़ा कर दुआ की। मुल्क में अमन और सलामती के लिए अल्लाह की बारगाह में इल्तिजा की। इसी तरह गौसिया मस्जिद घोसीपुरवा में कारी तनवीर अहमद ने नमाज की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। हाथ उठाकर अल्लाह से रहमत की बारिश के लिए दरख्वास्त की। कहा कि अल्लाह जब बहुत खुश होता है तो बारिश करता है। मक्का मस्जिद मेवातीपुर के इमाम कारी अंसारुल हक कादरी ने जुमा के नमाज के बाद अल्लाह की बारगाह में दुआ करते हुए कहा कि या अल्लाह बंदों के आमाल न देख अपनी रहमत देख और बारिश कर दे। या अल्लाह अपने महबूब बंदों के वसीले से बारिश कर दे ताकी लोगों को राहत मिले। नूरी मस्जिद तुर्कमानपुर में मौलाना असलम रजवी ने जुमा की नमाज के बाद पैगंबर-ए-इस्लाम व नेक बंदों के वसीले से बारिश के लिए दुआएं की।
Published on:
20 Jul 2018, 11:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.