गोरखपुर

एक साल बाद दर्ज हुआ बलात्कार का केस, झाड़फूंक के बहाने दुष्कर्म का आरोप

Shameful

गोरखपुरFeb 26, 2019 / 12:35 pm

धीरेन्द्र विक्रमादित्य

Rape

गोरखपुर के चिलुआताल क्षेत्र में एक फैक्ट्री में कार्यरत महिला को एक साल बाद जाकर इंसाफ की आस जगी है। महिला पर हुए जुल्म का केस अब पुलिस ने दर्ज किया है। करीब एक साल पहले हुए बलात्कार के मामले में महिला थाने से लेकर पुलिस के उच्चाधिकारियों तक दौड़ लगाती रही लेकिन उसका केस दर्ज नहीं हो सका था। अब महिला आयोग की सख्ती के बाद केस दर्ज हो सका है।
चिलुआताल क्षेत्र में एक गत्ता फैक्ट्री में महिला काम करती थी। काम करने के दौरान महिला की जानपहचान एक अन्य महिला से हुई जो उसके साथ ही काम करती थी। पीड़िता को सिरदर्द की शिकायत रहती थी। उसने यह बात अपने साथी महिला से बताई थी। आरोपी महिला ने पीड़िता से इस बीमारी का इलाज झाड़फूंक से ठीक होना बताया था। उसने एक अपने परिचित के बारे में भी बताया जो झाड़ फूंक करता था। पीड़िता ने बताया कि आरोपी महिला उसे लेकर अमित नामक व्यक्ति के पास गई। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति किसी मजार पर रहकर झाड़फूंक करता था। पीड़िता को उस व्यक्ति ने ठीक करने का झांसा दिया। एक दिन उसने कोई द्रव्य पीने को दिया। महिला के अनुसार उस दवा के पीते ही उसे बेहोशी छाने लगी, कुछ ही देर में उसे कुछ होश नहीं रहा। पीड़िता ने बताया कि बेहोश होने के बाद झाड़फूंक करने वाले व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार किया। जब होश आया तो उसने आरोपी के चंगुल से भागना चाहा तो उसने मारपीट भी किया। किसी तरह वह उसके चंगुल से निकली। थाने पहुंची तो उसकी नहीं सुनी गई। पीड़िता के अनुसार वह हर जगह गुहार लगाने के बाद महिला आयोग में पहुंची। केंद्रीय महिला आयोग ने मामले को संज्ञान में लिया तो अब जाकर मामला दर्ज हो सका है।

Home / Gorakhpur / एक साल बाद दर्ज हुआ बलात्कार का केस, झाड़फूंक के बहाने दुष्कर्म का आरोप

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.