गोरखपुर

अयोध्या में राममंदिर इस माॅडल से बनेगा, विहिप के इस बड़े नेता ने किया खुलासा

गाय के लिए अलग मंत्रालय बनाने की मांग कर डाली

गोरखपुरJul 09, 2018 / 03:05 am

धीरेन्द्र विक्रमादित्य

विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने हिंदू युवकों को अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की है। रेडक्रास सोसाइटी को उन्होंने भारत में गैर जरूरी बताया है। साथ ही यह भी सलाह दी है कि हिंदू परिवार अपने घरों की दीवारों पर निरर्थक तस्वीरों को लगाने से बचे।
रविवार को विहिप उपाध्यक्ष राय गोरखपुर में थे। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के नाम पर ड्राइंग रूम में निरर्थक तस्वीरों को लगाया जाता है। ऐसी तस्वीरों को लगाने से बचना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कहा कि हिंदुस्तान को रेडक्रास की आवश्यकता नहीं है बल्कि हिंदू युवकों को इसके लिए रक्तदान करने के लिए आगे आना होगा। हम अपने देश में रक्तदान में सक्षम हैं।
विहिप राममंदिर पर अडिग है, योगी ने दिया है आश्वासन

राय ने कहा कि राम मंदिर के मुद्दे पर विहिप अडिग है। जहां राम जन्में हैं वही अयोध्या है। यह भी सत्य है कि आज जहां भगवान विराजमान हैं, वहां पर एक मंदिर था। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने विश्वास दिलाया है कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा। विश्वास है जल्द राममंदिर का निर्माण होगा। हम सबको सब्र रखने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या को मुस्लिम विश्वविद्यालय बना कर इस्लामिक केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा।
इस माॅडल का होगा राममंदिर

विहिप नेता ने कहा कि करोड़ों घरों में मंदिर का मॉडल विहिप के लोगों ने पहुंचाया है। राममंदिर इसी मॉडल का बनेगा। इसी आधार पर पत्थरों की नक्काशी भी हो रही है।
गौवंश के लिए हो अलग मंत्रालय, तभी हो सकेगा बेहतर अनुसंधान
विहिप उपाध्यक्ष चंपत राय ने मांग किया है कि गायों के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया जाए। भारत में पशुओं के लिए मंत्रालय तो है लेकिन गायों के लिए अलग होना चाहिए। कहा कि पशुओं के मंत्रालय में कुत्ते-भेड़-बकरी सभी के लिए चिंता की जाती है लेकिन जिस हिंदुस्तान में गाय के लिए लोगों ने जीवन दिया और त्याग किया, पिछले 70 सालों में गाय पर कोई भी अनुसंधान कभी नहीं हुआ। गायों पर चिंतन करने के लिए अलग मंत्रालय होना चाहिए।

Home / Gorakhpur / अयोध्या में राममंदिर इस माॅडल से बनेगा, विहिप के इस बड़े नेता ने किया खुलासा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.