scriptबिसाहड़ा अपने शौर्य और पराक्रम के लिए जाना जाता है- सीएम योगी | yogi adityanath in bishara live | Patrika News

बिसाहड़ा अपने शौर्य और पराक्रम के लिए जाना जाता है- सीएम योगी

locationग्रेटर नोएडाPublished: Mar 31, 2019 03:05:08 pm

Submitted by:

Rahul Chauhan

भारी संख्या में लोग सीएम को सुनने पहुंचे
सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मियों का फेरा रहा

ग्रेटर नोएडा। मॉब लिंचिंग का दंश झेल चुके बिसाहड़ा गांव में रविवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। भारी संख्या में लोग सीएम को सुनने पहुंचे। सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मियों का फेरा रहा। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि ये बिसाहड़ा अपने शौर्य और पराक्रम के लिए जाना जाता है। भारत माता कि जय इतनी जोर से बोलिए कि उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों तक बिसाहडा की आवाज जा सका। उन्होंने कहा कि कौन नहीं जानता बिसाहड़ा में क्या हुआ था। कैसे उस वक्त की समाजवादी पार्टी ने तथ्यों को दबाने का प्रयास किया था। हमारी सरकार आने पर अपराध खत्म हुआ। आपने देखा होगा मोदी जी के नेतृत्व में यही अंतर है। कांग्रेस के समय आतंकवादियों को ये लोग बिरयानी खिलाते थे, अजहर मसूद जैसे आतंकवादी के नाम के आगे जी लगाते हैं। मोदी सरकार ऐसे आतंकवादियों को गोले से सबक सिखाती है।
सीएम ने कहा कि ये लोग इस देश के अंदर सेना के सबूत मांगते हैं। पाकिस्तान रो रहा है और भारत के अंदर के विपक्षी दल केवर वोट बैंक के लिए सबूत मांग रहे हैं। आप सब जानते हैं कि सपा-बसपा के गठबंधन की हवा निकल चुकी है। प्रदेश जान चुका है ये गठबंधन भ्रष्टाचारियों का गठबंधन है। 2005 में राम सेतू तोड़ने का कार्य कांग्रेस की सरकार ने किया। हम लोगों ने उस दौरान बड़ा आंदोलन किया और मामला सुप्रीम कोर्ट में गया। उस दौरान राहुल गांधी भी सरकार में शामिल थे। तब कोर्ट ने पूछा था कि क्यों तोड़ा जा रहा है राम सेतु तो कांग्रेस ने कहा था कि राम का कोई अस्तित्व नहीं है।
अयोध्या के मामले में प्रियंका वाड्रा से जब पूछा गया कि वह राम जन्म भूमि क्यों नहीं गई तो उन्होंने कहा कि वह विवादित स्थल है। ये देश का अपमान है। आप राम जन्मभूमि इसलिए नहीं गई क्योंकि आपको लगता था कि एक वर्ग के लोग नाराज हो जाएंगे। आप हिंदू आस्था के प्रतिक को विवादित कहती हैं। आप अनावश्यक रूप से ऐसे बयान दे रही हैं जो देश की स्थिति खराब कर रही है। राम जन्म भूमि का मामला इसलिए ही नहीं सुलझ पा रहा है क्योंकि जब भी इस पर सुनवाई होती है तो अनावश्यक रूप से कांग्रेस के वकील तारीख बदलने पर बात करते हैं। अयोध्या राम से जुड़ी धरती नहीं होती तो दिवाली के दिन दीपोत्सव का आयोजन नहीं कराया जाता। मैं खुद इसलिए दिवाली पर वहां गया। हो सकता है राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा को अयोध्या जाने में संकोच होता है लेकिन मुझे जाने में कोई संकोच नहीं। ये विवादित भूमि नहीं है।
उन्होंने कहा कि ये लोग आपके साथ खिलवाड़ कर तुष्टीकरण की नीति करते हैं। समझौता एक्सप्रेस में धमाके के बाद कांग्रेस ने शब्द दिया था, हिंदू आतंकवाद। मैं पूछना चाहता हूं कांग्रेस से कि कहां से ये शब्द आया और कैसे उन्होंने हिंदू को आतंकवाद से जोड़ दिया। ये लोग तुष्टीकरण की नीति के साथ देश की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का काम कर रहे हैं। आज जब हम उत्तर प्रदेश में विकास की बात करते हैं तो उत्तर प्रदेश देश में ऊपर ही दिखाई पड़ता है। पिछले 15 वर्षों में ऐसा हाल था कि यहां का युवा मुंबई, दिल्ली में अपनी पहचान छिपाता था। लेकिन आज सभी खुलकर उत्तर प्रदेश के बारे में कह सकते हैं। हम लोग प्रदेश की 23 करोड़ की जनता को सुरक्षा की गारंटी देते हैं। आज में कह सकता हूं उत्तर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था देश के लिए नजीर बनी हुई है और देश की सुरक्षा विश्व के लिए नजीर बनी है। ऐसा केवल नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ही संभव है।
मैं आपसे ये अपील करने आया हूं कि भारतीय जनता पार्टी और मोदी जी नेतृत्व में देश समृधि और नए दौर की तरफ बढ़ता रहेगा। पहले चरण में जो आठ सीटों पर चुनाव होना है ये हमें तय करना है कि उन सभी सीटों पर भाजपा का प्रत्याशी जीते। बिसाहड़ा के लोगों भाजपा सरकार आपके साथ खड़ी है। मैं आपको इस बात से आश्वस्त करता हूं कि इस लोकसभा सीट पर डॉ महेश शर्मा के नेतृत्व में विकास की सीढ़ी जिला चढ़ा है। विपक्ष के लोग मंदिर में जाने के बाद अपना तिलक साफ कर के आते थे, लेकिन डॉ महेश शर्मा ने इन सभी मंदिरों को नया स्वरूप प्रदान कराया। अब मंदिरों के सुंदरीकरण करने का कार्य चल रहा है। मैं आप सभी को इसका श्रेय देना चाहता हूं जिन्होंने जाति धर्म से उठकर महेश शर्मा जी को चुनने का कार्य किया।
गौतमबुद्ध नगर में जेवर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लाने का कार्य भी महेश शर्मा और विधायक धीरेंद्र सिंह ने किया। इन लोगों ने कहा था कि एयरपोर्ट हर हाल में गौतमबुद्ध नगर में ही बनना चाहिए। इसके लिए कई राज्यों ने एयरपोर्ट के लिए आवेदन किया। जब भी दिल्ली में केंद्र सरकार विकास के कार्य करती है तो वहां का मुख्यमंत्री धरने पर बैठ जाता है। आज मैं आपको बधाई देता हूं, यहां एयरपोर्ट बनने के बाद क्षेत्र में विकास के अनेकों विकल्प खुलेंगे। लगातार विकास में नोएडा-ग्रेटर नोएडा आगे बढ़ रहा है। मैं आपसे अपील करूंगा 11 अप्रैल को गौतमबुद्ध नगर की सीट पर डॉ महेश शर्मा को सांसद के रूप में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में चुनने का करें। उत्तर प्रदेश 77 पार, फिर एक बार मोदी सरकार का नारा भी इस दौरान सीएम योगी ने दिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो