scriptबुरा न मानो होली है… | bura na mano holi hai | Patrika News

बुरा न मानो होली है…

locationगुनाPublished: Mar 21, 2019 11:17:43 am

Submitted by:

Amit Mishra

होली का त्योहार: कल मनेगी भाईदूज

news

बुरा न मानो होली है…

गुना। रंगों का त्योहार होली का त्योहार उत्साह से मनाया जा रहा है। शहर में बुधवार रात शुभ मुहूर्त में 250 से अधिक स्थानों पर सामूहिक होलिका दहन किया गया। तलैया मोहल्ला में 5000 कंडों की होली तैयार कर पर्यावरण का संदेश दिया।
आज धुरेंडी पर गुलाल-अबीर की होली खेली जा रही है। शहर में हुरियारों की टोलियां भी निकलीं और बाजार में सामूहिक आयोजन भी हो रहें है। इसे देखते हुए पुलिस ने भी व्यवस्थाएं की हैं। शहर में 150 से ज्यादा जवान तैनात किए गए है। नपा होली पर दोनों समय पानी की सप्लाई करेगी और करीब 80 टैंकर पानी शहर के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाया जाएगा। उधर, बाजार में बुधवार को जमकर रंग-गुलाल की खरीददारी हुई। होलिका दहन के बाद सुबह लोग एक दूसरे को तिलक लगाकर गिले-शिकवे दूर किए।

 

शहर में निकलेंगी हुरियारों की टोलियां
धुरेंडी पर आज सुबह से ही हुरियारों की टोलियां निकलीं। सदर बाजार, सुगन चौराहा, लक्ष्मीगंज समेत प्रमुख स्थानों पर सामूहिक होली खेली गई। नपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह के कार्यालय मानस भवन पर ठंडाई का वितरण किया जा रहा है। नेकी के दीवार पर सुबह 9 से 11 बजे तक होली खेली गई। यहां ठंडाई व नाश्ता की भी व्यवस्था रहीं।

ट्रेनें फुल और बस रहेंगी बंद
होली के त्योहार के चलते एक हफ्ते से ट्रेनें फुल चल रही हैं। बृज की होली के लिए भी गुना से बड़ी संख्या में लोग ग्वालियर ट्रेन से रवाना हुए। बुधवार को भी ट्रेनों में काफी भीड़ रही। उधर, होली पर दो दिन बसों का परिवहन बंद रहेगा। भाईदूज के बाद ही बस सेवा बहाल होगी। लोगों को अपने निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ेगा।

शहर में तैनात होंगे 80 जवान
होली पर सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए हैं। सौहार्दपूर्ण त्योहार मनाने जहां थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक की गई है। एसपी राहुल कुमार लोढ़़ा ने बताया, शहर में कैंट और कोतवाली के पुलिस फोर्स के अलावा एसएएफ की एक टुकड़ी तैनात है। इसमें करीब 80 जवान शामिल होंगे। सुरक्षा के लिए 10 पॉइंट चिन्हित किए हैं। जहां पुलिस के जवान खासतौर पर तैनात किया गया है।

भाईदूज और पुलिस की होली मनेगी कल
शुक्रवार को भाईदूज मनेगी। यह दिन भी भाई-बहन के प्रेम और स्नेह के रूप में मनता है। इसके साथ पुलिस की भी होली खेली जाएगी। इसके बाद गुना में रंग पंचमी का त्योहार भी उत्साह से मनेगा। रंग पंचमी पर रंग की होली जोरशोर से खेली जाती है।

भेजे शुभकामना संदेश
उधर, सोशल मीडिया पर लोग होली के संदेश भेज रहे हैं। एक दिन पहले से ही लोगों ने तरह तरह की प्रेरणादायी बातों के साथ अपनी शुभकामनाएं मित्रों को भेजी हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो