महिला दिवस से पहले ही गुना में शराब नीति के खिलाफ महिलाओं ने भरी हुंकार
अखिल भारतीय महिला सांस्कृतिक संगठन ने दिया धरना
गुना
Published: March 07, 2022 01:40:07 am
गुना। अखिल भारतीय महिला सांस्कृतिक संगठन गुना इकाई द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पूर्व रविवार को हनुमान चौराहे पर नई शराब नीति 2022 के खिलाफ धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षा और रोजगार देने, महिलाओं बच्चियों पर बढ़ते अपराधों के खिलाफ आवाज उठाई गई।
संगठन की जिला उपाध्यक्ष सीमा राय ने बताया कि 8 मार्च 1908 को अमेरिका में एक कपड़ा मिल की महिला मजदूरों ने वोट डालने, समान कार्य के लिए समान वेतन देने, यूनियन बनाने मातृत्व अवकाश व काम के घंटे कम करने की मांग को लेकर आंदोलन किया जिसमें कई महिलाएं शहीद भी हुई। तब जाकर पूरी दुनिया की महिलाओं को ये सारे अधिकार मिल सके। आज हमारे समाज में शिक्षा रोजगार और सुरक्षा की जरूरत है लेकिन हमारी सरकार लगातार इन सारी चीजों को देने की बजाय नई शिक्षा नीति 2022 लेकर आई है। नई शराब नीति 2022 लेकर आई है। महिलाओं बच्चों पर अपराध लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं।
इस मौके पर महिला संगठन ने सरकार से मांग की कि नई शराब नीति को वह जल्द से जल्द रद्द करें। वहीं महिलाओं बच्चियों और देश के हर एक बच्चे को शिक्षा और रोजगार, सुरक्षा सुनिश्चित करें।
संगठन की प्रभा लोधी ने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़े 2022 के तहत देशभर में महिलाओं पर अपराधों के 37,1503 मामले दर्ज किए गए थे। जिसमे से मप्र में 25,640 अपराध दर्ज हुए थे। सन 2021 में राष्ट्रीय महिला आयोग ने बताया कि जनवरी से लेकर अगस्त तक 8 महीनों में महिलाओं के खिलाफ अपराध में 46 फीसदी की वृद्धि हुई है। 90 फीसदी महिला अपराधों में अपराधी घटना को अंजाम देते समय नशे की हालत में होता है या वह किसी तरह की अश्लील फिल्मों को देखकर इन घटनाओं को अंजाम देता है।
धरने में आमना खानू खातून, कल्पना सेन, संगीता आर बी, ललिता अग्रवाल ने भी वक्ता के रूप में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा हम महिला सांस्कृतिक संगठन सरकार से यह मांग करते हैं कि वह जल्द से जल्द नई शराब नीति 2022 को रद्द करें। ललिता अग्रवाल ने कहा कि यदि सरकार नई शराब नीति को शीघ्र अति शीघ्र रद्द नहीं करती तो महिला सांस्कृतिक संगठन और भी बड़े आंदोलन के रूप में आगे आएगा।

महिला दिवस से पहले ही शराब नीति के खिलाफ महिलाओं ने भरी हुंकार
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
