गुना

राघौगढ़ नगरपालिका चुनाव : प्रत्याशियों का भाग्य आज ईवीएम में होगा बंद

राघौगढ़ नगरपालिका चुनाव में केन्द्रों पर मतदान के लिए पहुंचीं ईवीएम, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम में जुटी पुलिस

गुनाJan 17, 2018 / 11:35 am

दीपेश तिवारी

गुना। राघौगढ़ नगर पालिका के अध्यक्ष के चार पदों समेत वहां के 24 वार्डों के पार्षद पद के 59 प्रत्याशियों का भाग्य बुधवार को ईवीएम मशीन में बंद होगा। नगरीय क्षेत्र के 51 मतदान केन्द्रों पर मतदान की पूरी तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर पूरी हो गई हैं।

इसके साथ ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उधर चुनावी शोरगुल थमने के बाद प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों व नेताओं के साथ डोर-टू डोर दस्तक के साथ-साथ जोड़तोड़ में जुटे रहे। इसके साथ ही देर रात तक कांग्रेस और भाजपा समाज के मुखियाओं के बैठकों का दौर चलता रहा।

अध्यक्ष पद पर कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी में मुकाबला: राघौगढ़ नगर पालिका के चुनाव में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस से आरती महेन्द्र शर्मा, भाजपा से माया विनोद अग्रवाल के बीच मुख्य मुकाबला है। इसमें कांग्रेस की बागी व निर्दलीय प्रत्याशी ऋतु भार्गव और शमीम बी भी चुनाव मैदान में हैं।

51 मतदान केन्द्र बने
कलेक्टर राजेश जैन के अनुसार राघौगढ़ के नगरीय क्षेत्र में 51 मतदान केन्द्रों पर सुबह सात से सायं पांच बजे तक मतदान होगा। एक मतदान केन्द्र पर पांच से दस कर्मचारी तैनात होंगे। केन्द्र की गतिविधियों के लिए 15 वीडियो कैमरे लगाए गए हैं। 102 ईवीएम मशीनों के अलावा 102 अतिरिक्त मशीनें रिर्जव में रखी गई हैं। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर तीन दर्जन से अधिक संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

59 पार्षद प्रत्याशी चुनाव मैदान में
ऐसे ही वार्डो में देखा जाए तो सभी 24 वार्डों में पार्षद पद के लिए कांग्रेस-भाजपा के 48 प्रत्याशियों के अलावा 11 निर्दलीय प्रत्याशी कुल 59 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 16 वार्ड ऐसे हैं जिनमें कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। छह वार्ड जिनमें 2, 6, 11, 12, 16 और 23 में त्रिकोणीय मुकाबला हो रहा है। सबसे ज्यादा पांच प्रत्याशी वार्ड 17 में हैं। वार्ड 15 में 4 प्रत्याशी मैदान में हैं। 40 हजार 861 मतदाता मतदान करेंगे।

पुलिस ने निकाला फ्लेग मार्च: नगरीय निकाय क्षेत्र में चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर में पुलिस का एक फ्लेग मार्च निकला। इसमें आगे-आगे कलेक्टर राजेश जैन, एसपी निमिष अग्रवाल और डिप्टी कलेक्टर शिवानी रायकवार,एसडीएम अतेन्द्र गुर्जर चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक निमिष अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1000 जवान तैनात किए हैं।

संपत्ति में माया आगे, पढ़ाई में ऋतु: राघौगढ़ नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनमें संपत्ति के मामले में भाजपा की उम्मीदवार मायादेवी अग्रवाल अपने प्रतिद्धंदियों से आगे हैं। शैक्षणिक योग्यता में ऋतु भार्गव सबसे आगे यानि एमबीए हैं और सबसे पीछे निर्दलीय प्रत्याशी शमीम बी हैं जो हाईस्कूल तक पढ़ी हैं। अध्यक्ष पद की दो प्रत्याशी मायादेवी और आरती शर्मा बीए तक पढ़ी हैं।

Home / Guna / राघौगढ़ नगरपालिका चुनाव : प्रत्याशियों का भाग्य आज ईवीएम में होगा बंद

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.