scriptउपचुनाव के पहले ही दिखने लगी पोस्टर पॉलिटिक्स, गायब हुए भाजपा के केंद्रीय मंत्री | Poster politics started appearing before by-election | Patrika News

उपचुनाव के पहले ही दिखने लगी पोस्टर पॉलिटिक्स, गायब हुए भाजपा के केंद्रीय मंत्री

locationगुनाPublished: Jun 19, 2020 11:57:17 am

Submitted by:

KRISHNAKANT SHUKLA

कांग्रेस ने ली घमासान पर चुटकी, सलूजा ने बताया निन्दनीय

उपचुनाव के पहले ही दिखने लगी पोस्टर पॉलिटिक्स, गायब हुए भाजपा के केंद्रीय मंत्री

उपचुनाव के पहले ही दिखने लगी पोस्टर पॉलिटिक्स, गायब हुए भाजपा के केंद्रीय मंत्री

गुना। जैसे-जैसे जिले की बमौरी विधानसभा में उपचुनाव नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। इसी बीच भाजपा और कांग्रेस में पोस्टर पॉलिटिक्स शुरू हो गई है। भाजपा ने बमौरी में विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के बीच पोस्टर लगाए हैं, इसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया नजर आ रहे हैं लेकिन इस पोस्टर से ग्वालियर-चंबल संभाग नहीं प्रदेश के कद्दावर क्षेत्रीय नेता व केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर गायब दिखे।

आपसी गुटबाजी पर चुटकी
हालांकि इस पोस्टर में भाजपा का केन्द्रीय नेतृत्व तो दिख रहा है लेकिन भाजपा की आपसी गुटबाजी के चलते तोमर को उक्त पोस्टर में स्थान नहीं दिया है, जिस पर तोमर समर्थकों ने नाराजगी जाहिर की तो वहीं कांग्रेस ने भाजपा की आपसी गुटबाजी पर चुटकी लेकर आपसी घमासान बताया।

तैयारियां तेज कर दी हैं

बमौरी विधानसभा में उपचुनाव होने की सुगबुगाहट के साथ भाजपा और कांग्रेस वहां पूरी तरह सक्रिय हो गई है। इसी बीच हाल ही में पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भाजपा में आए पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया के समर्थकों ने बमौरी विधानसभा में पूर्व सांसद सिंधिया और पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया की बड़ी तस्वीरों के सहारे उपचुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।

 

घमासान को दर्शाता है
सिंधिया को 19 जून को होने वाले राज्यसभा के चुनाव के जरिए एन्ट्री दिलाने के लिए खुद केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर लॉबिंग में जुटे हुए हैं, लेकिन पोस्टर में उन्हें जगह न देना घर के अंदर जारी घमासान को दर्शाता है।

तोमर का मुद्दा उछाल दिया है
ग्वालियर-चंबल अंचल में नरेन्द्र सिंह तोमर भाजपा का बड़ा चेहरा है, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जब से भाजपा का दामन थामा है तभी से दोनों ही क्षत्रपों के समर्थकों के बीच सब-कुछ ठीक नहीं चल रहा। गुना जिले में शुरू हुई पोस्टर पॉलिटिक्स ने नए विवाद को हवा दे दी है। पोस्टर पॉलिटिक्स ने सिंधिया बनाम तोमर का मुद्दा उछाल दिया है।

उनकी तस्वीर गायब कर दी गई
पोस्टर पॉलिटिक्स की इस कड़ी में खुद पूर्व विधायक राजेन्द्र सलूजा ने मैदान में उतरकर नाराजगी जताई हे। राजेन्द्र सलूजा ने पोस्टर पॉलिटिक्स को निंदनीय करार देते हुए अपने नेता की तस्वीर नदारद रहने पर आपत्ति दर्ज कराई है। पूर्व विधायक सलूजा ने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर पार्टी के बड़े नेता हैं लेकिन पोस्टर से उनकी तस्वीर गायब कर दी गई।

भाजपा के नेता गायब हो जाएंगे
सलूजा ने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि ऐसा कृत्य किया जाएगा तो उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। वहीं कांग्रेस भी भाजपा के अंदर जारी घमासान पर चुटकी ले रही है। कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष हरिशंकर विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा में आपसी घमासान चल रहा है, जिससे अभी पोस्टरों में नरेन्द्र सिंह तोमर गायब हुए हैं, आगे और भी भाजपा के नेता गायब हो जाएंगे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो