scriptस्कूल वाहन पलटा 18 बच्चे घायल | School vehicle reflex injured 18 children | Patrika News

स्कूल वाहन पलटा 18 बच्चे घायल

locationगुनाPublished: Mar 11, 2019 09:05:48 pm

Submitted by:

brajesh tiwari

प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही मानते हुए प्रकरण दर्ज किया है। वहीं मैजिक वाहन का भी बिना रजिस्ट्रेशन के चलता पाया गया।

patrika

प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही मानते हुए प्रकरण दर्ज किया है। वहीं मैजिक वाहन का भी बिना रजिस्ट्रेशन के चलता पाया गया।

आरोन. भादौर-बरखेड़ाहाट मार्ग पर सोमवार दोपहर में स्कूली बच्चों से भरा एक तेज रफ्तार ओवर लोड मैजिक वाहन पलट गया। हादसे में 18 बच्चों को अधिक चोट आई है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही मानते हुए प्रकरण दर्ज किया है। वहीं मैजिक वाहन का भी बिना रजिस्ट्रेशन के चलता पाया गया।
बरखेड़ाहाट गांव में संचालित एक प्राईवेट स्कूल में लगा मैजिक वाहन रोजाना की तरह सोमवार को भी बच्चों को स्कूल से लेकर घर छोडऩे जा रहा था। तभी दोपहर करीब 2 बजे आरोन से करीब 15 किमी दूर मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन की र तार तो तेज थी ही बच्चे भी क्षमता से 5 गुना अधिक भरे थे। छह बच्चों की क्षमता वाले वाहन में मैजिक चालक ने 32 बच्चों को बैठा रखा था। जिसके कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया। गनीमत रही कि किसी बच्चे की जान नहीं गई। घायल बच्चों को 108 एंबुलेंस से आरोन अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे ने ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा हर दिन कार्रवाई करने के बाद भी जिले में ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।

बच्चे बोलते रहे भैया धीरे चलाओ
रोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज करा रहे बच्चों ने बताया कि गाड़ी चला रहे भैया स्कूल से ही बहुत तेज गति में वाहन को चला रहे थे। रास्ते में एक बार एक्सीडेंट होते-होते बचा। फिर भी वह नहीं माने और गाड़ी को तेज गति से चलाते रहे और आगे जाकर वाहन पलट गया। बच्चों ने बताया कि उन्होंने चालक से कई बार वाहन धीरे चलाने को भी कहा था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं सुनी। ये बच्चे एंबीशन कांवेंट स्कूल में अध्ययनरत हैं। बच्चों की आयु तीन साल से 10 साल की है।
स्कूल प्रबंधन पर हुई है एफआईआर
आरोन थाना प्रभारी बलवीर सिंह का कहना है कि एक्सीडेंट के मामले में स्कूल प्रबंधन व ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। क्योंकि मैजिक वाहन को स्कूल द्वारा लगाया गया था इसलिए प्रथम दृष्टया दोषी स्कूल प्रबंधन तो है ही। साथ ही लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने के लिए वाहन चालक पर भी मामला दर्ज किया गया है। वाहन चालक मौके से फरार है। मैजिक पलटने से करीब 18 बच्चे घायल हुए हैं जिनका मेडीकल कराया गया है। मैजिक वाहन शासन से 7 सीटर पास है लेकिन उसमें 32 बच्चे सवार थे।

घबराए अभिभावक पहुंचे घटना स्थल
उधर अभिभावक अपने बच्चों के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही उन्हें हादसे की जानकारी मिली, उनकी सांसें थम गईं। अपने बच्चों को देखने घबराए हुए वे घटना स्थल पर पहुंचे। घटना के बाद अभिभावकों में स्कूल प्रबंधन तथा अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं के प्रति आक्रोश देखा गया। अभिभावकों का कहना था कि सरकारी अस्पताल में जब घायल बच्चे पहुंचे तो उन्हें तत्काल समुचित उपचार नहीं मिला। वहीं स्कूल प्रबंधन भी सूचना मिलने के तुरंत बाद बच्चों की मदद के लिए मौके पर नहीं पहुंचा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो