script

द. अफ्रीका से आया व्यापारी का शव, 15 दिन पहले परिजनों ने सिंधिया से मांगी थी मदद

locationगुनाPublished: May 23, 2022 01:37:41 pm

Submitted by:

Manish Gite

केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से गुना दौरे के वक्त मिले थे परिजन…।

scindia.png

गुना। केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मदद से दक्षिण अफ्रीका से एक व्यापारी का शव लाया गया। यह शव 15 दिनों से वहां रखा हुआ था। व्यापारी की मौत बीमारी के कारण हो गई थी और गुना में उनके परिजन शव के लिए परेशान हो रहे थे।

 

शहर की श्रीराम कॉलोनी निवासी मनोज पिता सुरेश प्रसाद राजपूत का दक्षिण अफ्रीका में बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके पार्थिक शरीर को गुना लाने के लिए उनके परिजन पिछले 15 दिन से परेशान हो रहे थे। इसी बीच केन्द्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का गुना आगमन हुआ और उनसे गुहार लगाई। इसके बाद सिंधिया के प्रयासों से रविवार को मनोज का शव गुना पहुंच गया।

 

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक मनोज राजपूत 15 साल से दक्षिण अफ्रीका में ड्रायफूड का व्यवसाय करते थे। पत्नी, बच्चे और मां गुना में ही श्रीराम कालोनी में रहते हैं। मनोज का दक्षिण अफ्रीका में स्वास्थ्य खराब हो गया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिवारजन लगातार मनोज के शव को गुना लाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन 15 दिन बाद भी कोई सफलता नहीं मिली थी। इसी बीच केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का हाल ही में गुना आगमन हुआ। परिजनों ने सिंधिया से गुहार लगाई।

 

उन्होंने हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया। इस काम के लिए उड्डयन मंत्रालय में रमेश कनोजिया को मनोज राजपूत के देह को गुना लाने के लिए दक्षिण अफ्रीका के दूतावास से सम्पर्क में आने को कहा। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी की महिला प्रदेश उपाध्यक्ष वंदना मांडरे उड्डयन मंत्रालय के रमेश कनोजिया और गुना में श्रीराम कालोनी निवासी परिजनों से सतत सम्पर्क बनाए रखा। इसके बाद रविवार को मुम्बई के एयरपोर्ट पर सुबह 8.30 बजे फ्लाइट से पार्थिक देह आ गई। यहां से भोपाल और फिर गुना लाया गया।

ट्रेंडिंग वीडियो