script

जल निकासी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है वार्ड 28

locationगुनाPublished: Feb 19, 2020 11:37:19 am

Submitted by:

Narendra Kushwah

सड़क, नाली व सफाई के इंतजामों से नाखुश जनतावार्ड से होकर गुजरी गुनिया नदी को बनाया कचरादान

जल निकासी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है वार्ड 28

जल निकासी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है वार्ड 28

गुना. जनता ने जिन लोगों को वोट देकर जनप्रतिनिधि बनाया और शहर विकास की जिम्मेदारी दी, वे ही लोग विकास कार्य मेें रोड़ा बन रहे हैं। यही वजह है कि नगर के अधिकांश वार्डों में टैंडर होने के बाद भी काम नहीं हो पा रहे हैं। सुविधा के अभाव में जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस तरह के हालात नगर के वार्ड क्रमांक 28 में देखने को मिले हैं।
पत्रिका टीम जब वार्डवासियों के बीच पहुंची तो उन्होंने अपनी कॉलोनी की समस्याएं बेझिझक बताईं। खासकर महिलाओं का कहना था कि वार्ड में जल निकासी की समस्या धीरे धीरे गंभीर होती जा रही है। जिससे लगभग हर घर का परिवार पीडि़त है। कोई भी व्यक्ति नहीं चाहता कि उसके घर के आगे गंदा पानी जमा हो। इसी बात को लेकर लोगों मेें हर दिन विवाद की स्थिति भी बन रही है। वार्ड में कहीं भी नपा ने कचरादान नहीं रखवाए हैं। यही नहीं वार्ड की गलियों में नपा की डोर टू डोर कचरा कलेक्टशन गाड़ी भी नहीं पहुंच रही। ऐसे में गुनिया नदी के आसपास रहने वाले लोग अपने घरों का कचरा नदी में डाल रहे हैं। जिससे यह नदी गंदे नाले में तब्दील हो चुकी है।

प्राइवेट प्लाट बना जल निकासी में बाधा
वार्ड 28 में सबसे समस्याग्रस्त इलाका मर्दन की बाड़ी का इलाका है। जहां बीते 5 सालों में न तो सड़क बनी है और न ही नालियों का निर्माण कराया गया है। सफाई कर्मचारी भी नियमित रूप से नहीं आते हैं। इन सब समस्याओं के बीच कॉलोनीवासियों के लिए सबसे बड़ा सिर दर्द जल निकासी का प्रबंधन न होना है। नागरिकों का कहना है कि बारिश के दौरान तो यह इलाका जल मग्न होकर तालाब में तब्दील हो जाता है। लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। चिंताजनक पहलु यह है कि लोग पिछले काफी समय से अधिकारियों को लिखित व मौखिक रूप से अवगत करा चुके हैं लेकिन समस्या का निराकरण अभी तक नहीं हो सका है। वहीं इस समस्या की मूल जड़ एक प्राइवेट प्लाट को बताया जा रहा है।

ये हैं वार्ड की प्रमुख समस्याएं
– वार्ड के अधिकांश हिस्से में सड़कें नहीं हैं। पुरानी सड़कें जर्जर हो चुकी हैं।
– नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। जिससे आसपास के इलाके में गंदा पानी जमा हो रहा है।
– वार्ड के किसी भी इलाके में जल निकासी के समुचित इंतजाम नहीं हैं।
– मर्दन की बाड़ी क्षेत्र में सड़क, नाली व सफाई की ज्यादा समस्या है।
– वार्ड का क्षेत्रफल बड़ा है लेकिन सफाई कर्मी कम हैं।
– कॉलोनी की गलियों में स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई हैं।
– नपा की कचरा कलेक्शन गाड़ी गलियों में नहीं पहुंची।
– गुनिया नदी के के आसपास रहने वाले लोगों ने इसे कचरादान बना दिया है।

यह क्षेत्र आता है वार्ड 28 में
नपा का वार्ड 28 क्षेत्रफल की दृष्टि से काफी बड़ा वार्ड है। इसकी सीमा में बांसखेड़ी कॉलोनी, घोसीपुरा से रेलवे फाटक का एरिया, हरिनंदन कॉलॉेनी, भोगीराम कॉलोनी, मर्दन सिंह बाड़ी का पूरा इलाका आता है।

यह बोली जनता
ऐसी कोई समस्या नहीं है जो वार्ड 28 में नहीं है। बीते कई सालों से यहां के लोग सड़क, नाली की समस्या से तो जूझ ही रहे हैें। सफाई के भी बुरे हालात हैं। जल निकासी की तो इतनी गंभीर समस्या है कि लोग अपने बने बनाए घरों को बेचने तक मजबूर हो गए हैं। वार्डवासी पिछले काफी समय से नपा से लेकर कलेक्टर तक को लगातार शिकायतें कर रहे हैं।
सुशील बाई, वार्डवासी

कॉलोनी की गलियों में सड़कें नहीं हैं। जहां झाडू लगाने सफाई कर्मी भी नहीं आते। नालियों की महीनों तक सफाई नहीं होती। परेशान होकर हमें ही सफाई करनी पड़ रही है। कॉलोनी में कचरा फेंकने तक को जगह नहीं है। गुनिया नदी किनारे रहने वाले लोग तो नदी में ही कचरा फेंकने को मजबूर हैं।
सुनीता, वार्डवासी

मर्दन की बाड़ी घोसीपुरा में नाली के पानी की निकासी के इंतजाम नहीं हैं। ऊंची नीची सड़क होने के कारण कचरा गाड़ी कई जगह नहीं पहुंच पाती है। जिसके कारण लोग खाली प्लाट में कचरा फेंक देते हैं। इसी बात को लेकर हर रोज महिलाओं में लड़ाई होती रहती हैं। सीवर लाइन कनेक्शन भी नहीं हुए हैं।
हरीश यादव, वार्डवासी

जिम्मेदार का नहीं उठा फोन
नगर के वार्ड क्रमांक 28 में व्याप्त समस्याओं को लेकर निवर्तमान पार्षद का पक्ष लेने उनके मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क साधा लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

वार्ड क्रमांक : 28
कुल आबादी : 7000
कुल मतदाता : 4500
कुल सफाईकर्मी : 06

ट्रेंडिंग वीडियो