गुडगाँव

पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने का संकल्प लें : ओम प्रकाश धनखड़

केन्द्र सरकार ने पिछले साल जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद-370 व धारा 35-ए को हटाकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत के हमारे महापुरुषों के सपने पूरा करने का काम किया है।

गुडगाँवAug 15, 2020 / 06:32 pm

Bhanu Pratap

चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में संबोधित करते हुए हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़

चंडीगढ़। आजादी के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने का संकल्प लें। आत्मनिर्भर भारत बनाने में हरियाणा के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभानी होगी। विशेष कर हमारे किसान भाई और वीर सैनिक अग्रणी भूमिका निभाएंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष औम प्रकाश धनखड़ ने देश के 74 वें स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण करने उपरांत उपस्थित जन को संबोधित करते हुए यह बात कही।
भारत को सशक्त, सक्षम, समर्थ बनाने में सहयोग दें

श्री धनखड़ ने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों की शहादत को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारतवर्ष ने आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से कदम बढाएं हैं, हमारा सबका दायित्व बनता है कि समाज का प्रत्येक वर्ग मोदी जी के साथ मिलकर भारत वर्ष को सशक्त, सक्षम, समर्थ बनाने में अपना यथासंभव सहयोग दें।
ऐतिहासिक निर्णय बनेंगे आत्मनिर्भर भारत के आधार

ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने पिछले लगभग सवा छह साल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। इससे दुनियाभर में भारत का गौरव बढ़ा है। केन्द्र सरकार ने पिछले साल जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद-370 व धारा 35-ए को हटाकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत के हमारे महापुरुषों के सपने पूरा करने का काम किया है। इसी तरह, तीन तलाक पर प्रतिबन्ध लगाने से हमारी मुस्लिम बहनों के जीवन में एक नये बदलाव की शुरुआत हुई है । शिक्षा को व्यावहारिक और रोजगार उन्मुखी बनाने के लिए नई शिक्षा नीति लागू की है। इससे आत्मनिर्भर भारत अभियान को और गति मिलेगी। इसी तरह, प्रधानमंत्री ने हाल ही में अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की आधारशिला रखकर करोड़ों देशवासियों की आस्था को मजबूती देने का काम किया है।
जय जवान-जय किसान का नारा साकार किया

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अपनी फसल अपनी मर्जी से बेचने का हक किसान भाइयों को मिला है। यह ऐतिहासिक निर्णय किसानों को आत्म निर्भरता की ओर लेकर जाएगा। किसान भाई अब अपनी फसल मंडी के अलावा जहां चाहे वहां बेच सकते हैं, कोई भी कानून किसान भाई को रोक नहीं पाएगा। पीएम मोदी ने यह कानून बनाकर दीनबंधु चौ. छोटूराम के सपनों को साकार करने का काम कियाहै। धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की सुरक्षा के लिए आधुनिक हथियार सेना को मुहैया करवाएं हैं इससे हमारे वीर सैनिकों का मनोबल आज सातवें आसमान पर हैं और दुश्मन हताश व परेशान है।
स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को किया साकार

अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी और हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में भाजपा नीत सरकारें समाज की छतीस बिरादरी के हित में कल्याणकारी नीतियां बनाकर लागू कर रही हैं । भाजपा सरकार द्वारा देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों से स्वतंत्रता सेनानियों के सपने साकार होंगे और देश का हर वर्ग समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के प्रत्येक रसोईघर में सिलेंडर पंहुचाया, सम्मान की जिंदगी के लिए शौचालय बनवाए, प्रत्येक घर में नल से जल पंहुचाने का कार्यक्रम युद्ध स्तर पर चलाया हुआ है। देश भर में 84 लाख 84 हजार घरों में नल से जल पंहुच गया है। हरियाणा में भी प्रदेश सरकार ने प्रत्येक घर में नल से जल पंहुचाने केलिए वर्ष 2022 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सशक्त, ऊर्जावान और गतिशील नेतृत्व में पूरा देश एकजुट होकर कोरोना को पूरी ताकत के साथ मात दे रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता के पावन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सशक्त व समृद्ध भारत की कामना। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी, पूर्व विधायक सुखविंदर मांढी व लतिका शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Home / Gurgaon / पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने का संकल्प लें : ओम प्रकाश धनखड़

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.