scriptबजट सत्र के बाद चुनावी मोड पर हरियाणा, दो सीटों पर होगा राज्यसभा चुनाव | HARYANA: After The Budget Session, Haryana On Electoral Mode | Patrika News

बजट सत्र के बाद चुनावी मोड पर हरियाणा, दो सीटों पर होगा राज्यसभा चुनाव

locationगुडगाँवPublished: Feb 25, 2020 06:10:44 pm

Submitted by:

Devkumar Singodiya

रामकुमार कश्यप और कुमारी शैलजा की सीटों पर चुनाव अधिसूचना जारी एक सीट गठबंधन तो दूसरी जाएगी कांग्रेस के खाते में

बजट सत्र के बाद चुनावी मोड पर हरियाणा, दो सीटों पर होगा राज्यसभा चुनाव

बजट सत्र के बाद चुनावी मोड पर हरियाणा, दो सीटों पर होगा राज्यसभा चुनाव

चंडीगढ़. हरियाणा में विधानसभा का बजट सत्र समाप्त होते ही राज्यसभा चुनाव के लिए प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राज्यसभा सचिवालय की मंगलवार को जारी अधिसूचना के अनुसार हरियाणा में दो सीटों के लिए अब आगामी 26 मार्च को चुनाव होगा। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र चार मार्च तक चलेगा। इसके तुरंत बाद सभी राजनीतिक दल राज्यसभा के लिए लॉबिंग में जुट जाएंगे।

हरियाणा में राज्यसभा की कुल पांच सीटें हैैं। अब निर्दलीय टिकट पर भाजपा समर्थित सुभाष चंद्रा तथा भाजपा के डीपी वत्स राज्यसभा में हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैैं। हरियाणा में एक सीट इनेलो की तरफ से राज्यसभा पहुंचे रामकुमार कश्यप के इस्तीफा देने से खाली हुई है जबकि दूसरी सीट नौ अप्रैल को कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा का कार्यकाल पूरा होने के बाद खाली होगी। विधानसभा में विधायकों की संख्या के अनुसार एक सीट भाजपा-जजपा गठबंधन तो दूसरी सीट विपक्षी दल कांग्रेस के खाते में जा सकती है।

इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला ने फरवरी 2014 में रामकुमार कश्यप को राज्यसभा भेजा था। कश्यप ने ऐसे समय में राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था, जब उनका कार्यकाल पूरा होने वाला था और इनेलो बिखराव के दौर से गुजर रहा था। इसके चलते रामकुमार कश्यप ने विधानसभा चुनाव से पहले अपने पद से इस्तीफा दिया और इंद्री से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंच गए। फरवरी 2014 में ही कांग्रेस ने कुमारी शैलजा को राज्यसभा में भेजा था।

बीरेंद्र सिंह की खाली सीट पर होगा उपचुनाव

हरियाणा में राज्यसभा की तीसरी सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के इस्तीफा दिए जाने के बाद खाली हुई थी। उनका राज्यसभा में कार्यकाल अगस्त 2022 तक था। लिहाजा इस रिक्त सीट पर नियमित चुनाव की बजाय उपचुनाव होगा, जिसका शेड्यूल बाद में घोषित किया जाएगा।

बीरेंद्र सिंह का राज्यसभा की सदस्यता से त्यागपत्र स्वीकार हो चुका है। विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन के उम्मीदवार की जीत तय है, क्योंकि इसके लिए साधारण बहुमत की जरूरत है।

यह है विधानसभा की स्थिति
कुल सीट 90
भाजपा 40
कांग्रेस 31
जजपा 10
हलोपा 01
इनेलो 01
निर्दलीय 07

हरियाणा की अधिक खबरों के लिए क्लिक करें…
पंजाब की अधिक खबरों के लिए क्लिक करें…

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो