scriptगुरूग्राम में ठहरे हैं कर्नाटक के भाजपा विधायक,रिसॉर्ट पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन | youth congress activists protest against karnataka bjp in gurugram | Patrika News

गुरूग्राम में ठहरे हैं कर्नाटक के भाजपा विधायक,रिसॉर्ट पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

locationगुडगाँवPublished: Jan 16, 2019 03:21:48 pm

Submitted by:

Prateek

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के महासचिव प्रदीप सिंह की अगुवाई में करीब दो दर्जन युवा कांग्रेस कार्यकर्ता रिसॉर्ट पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे…

congress

congress

(गुरूग्राम): हरियाणा के गुरूग्राम के बाहरी इलाके में स्थित रिसोर्ट पर बुधवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस रिसॉर्ट में कर्नाटक के भाजपा विधायक ठहरे है। कर्नाटक की जनता दल-एस और कांग्रेस की गठबंधन सरकार द्वारा विधायकों से दलबदल कराए जाने की आशंका से इन विधायकों को रिसोर्ट में ठहराया गया है।

 

भाजपा कर रही संविधान का अपमान—कांग्रेस

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के महासचिव प्रदीप सिंह की अगुवाई में करीब दो दर्जन युवा कांग्रेस कार्यकर्ता रिसॉर्ट पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इन कार्यकर्ताओं ने एनडीए सरकार विरोधी नारे लगाए। पांच सितारा आईटीसी ग्रांड भारत रिसॉर्ट गुरूग्राम के बाहरी इलाके में स्थित है। प्रदर्शनकारी आरोप लगा रहे थे कि भाजपा संविधान का अपमान कर रही और लोकतंत्र की हत्या कर रही है।

 

कर्नाटक सरकार के सिर पर राजनीतिक संकट

इस बीच सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीएस येदुयरप्पा कर्नाटक की राजनीतिक स्थिति के बारे में विधायकों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक के 104 भाजपा विधायक तब तक रिसोर्ट में रहेंगे जब तक कि पार्टी नेतृत्व उन्हें लौटने की इजाजत नहीं देता। पहली बार चुने गए विधायकों के मोबाइल फोन रखवा लिए गए है ताकि उन्हें रिझाने का प्रयास न किया जा सके। कर्नाटक में सात माह पुरानी गठबंधन सरकार से दो निर्दलीय विधायकों के समर्थन वापस लेने पर राजनीतिक संकट खडा हो गया है। ऐसे में सत्तारूढ गठबंधन और भाजपा एकदूसरे पर विधायकों को तोडने का आरोप लगा रहे है।

 

यह है कर्नाटक में सीटों का गणित

केन्द्रीय मंत्री डीवी सदानन्द गौडा ने मंगलवार को कहा था कि यदि कर्नाटक में गठबंधन सरकार गिरती है तो भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। दूसरी ओर मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा था कि उन्हें 224 सदस्यों के सदन में 120 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। येदुयुरप्पा व्यर्थ ही प्रयास कर रहे है। सदन में भाजपा के सदस्य 104,कांग्रेस के 79,जनता दल-एस के 37,केपीजेपी सदस्य व निर्दलीय एक-एक है। इनके अलावा स्पीकर है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो