scriptअसम में फिर आई बाढ़ से छह जिलों के 1 लाख लोग प्रभावित | 1 lakh people affect due to flood in assam | Patrika News

असम में फिर आई बाढ़ से छह जिलों के 1 लाख लोग प्रभावित

locationगुवाहाटीPublished: Sep 15, 2018 02:23:15 pm

Submitted by:

Prateek

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार धेमाजी और लखीमपुर में सर्वाधिक लोग प्रभावित हुए हैं

(पत्रिका ब्यूरो,गुवाहाटी): पूर्वोत्तर के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से असम में बाढ़ की स्थिति फिर एक बार भयावह हो रही है। राज्य के 33 जिलों में से 6 जिले बाढ़ की चपेट में है। इन जिलों के लगभग 1 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार ब्रह्मपुत्र डिब्रुगढ़, जोरहाट के निमातीघाट और शोणितपुर जिले के तेजपुर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। वहीं धनसिरी नदी गोलाघाट के नुमलीगढ़ में, जियाभराली शोणितपुर के एनटी रोड जिंग में और पुठीमारी कामरूप में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। छह जिलों के 264 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इस बार की बाढ़ से 8895.61 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है।


असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार धेमाजी और लखीमपुर में सर्वाधिक लोग प्रभावित हुए हैं। धेमाजी में 47,471 और लखीमपुर में 34,212 लोग बाढ़ की चपेट में आये हैं। इनके लिए धेमाजी में 3 और चिरांग जिले के बिजनी में 1 राहत शिविर स्थापित किया गया है। अब तक की बाढ़ में 44 लोग और भू-स्खलन में आठ यानि कुल 52 लोग मारे जा चुके हैं।

 

उफान पर नदियां,हो रहे हादसे

बता दें कि असम में हुई तेज बारिश से राज्य की नदियां उफान पर है। ऐसे में कई लोग हादसे की भेंट भी चढ चुके है। बीते दिनों उफान मारती ब्रह्मपुत्र नदी में एक मोटर बोट के पलटने के कारण एक बडा हादसा हो गया था। बोट के पलटने के कारण सभी यात्री पानी में बह गए थे। दो छात्राओं के शव तो गोताखोरों को मिल गए थे। जबकि दो दर्जन से अधिक लोग लापता हो गए थे। इस हादसे से सीख लेते हुए सरकार ने भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए बारिश के दिनों में नदियों में इंजन चलित नावों के संचालन पर भी रोक लगा दी है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो