script

हैलाकांदी में स्थिति तनावपूर्ण, बराकघाटी में इंटरनेट सेवा रोकी, झड़प से प्रभावितों को मिलेगा इतना मुआवजा

locationगुवाहाटीPublished: May 11, 2019 09:16:25 pm

पुलिस की गोली से मरे व्यक्ति के परिवार को 5 लाख, घायलों को 50-50 हजार…
 
 

curfew

curfew

(गुवाहाटी,राजीव कुमार): हैलाकांदी की स्थिति तनावपूर्ण है। पूरे बराकघाटी में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गयी है। पुलिस की गोलीबारी में कल मारे गये व्यक्ति जसीम हुसैन के परिवार वालों को 5 लाख रुपये देने की मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने घोषणा की है। घायलों को 50-50 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता दी गयी है।


वन मंत्री परिमल शुक्लवैद्य ने सांप्रदायिक संघर्ष के बाद कर्फ्यू से गुजर रहे हैलाकांदी की वर्तमान स्थिति का आज जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि कल हैलाकांदी में दो समुदायों के बीच संघर्ष में एक व्यक्ति की जान चली गयी थी और 14 अन्य घायल हुए थे। इसके बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था। एक अन्य आदेश में हैलाकांदी के जिलाधिकारी और उपायुक्त कीर्ति जल्ली ने पूरे जिले में निषेधाज्ञा शुक्रवार छह बजे से बढ़ाकर रविवार शाम सात बजे तक कर दी है।


अधिकारियों ने बताया कि आज अब तक जिले से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के निर्देश पर पर्यावरण एवं वन मंत्री परिमल शुक्ल वैद्य, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश अग्रवाल और बराक घाटी के आयुक्त अनवरूद्दीन चौधरी स्थिति का जायजा लेने हैलाकांदी पहुंचे। शुक्लवैद्य ने लोगों से विभिन्न समुदायों के बीच शांति और पारंपरिक शांतिपूर्ण संबंध बनाये रखने के लिए अफवाहों से दूर रहने की अपील की।


मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने लोगों से शांति एवं सद्‌भाव बनाये रखने की अपील की है और उनसे विभाजनकारी ताकतों को समाज में अशांति नहीं फैलाने देने की अपील की। उधर प्रदेश भाजपा, कांग्रेस और एआईयूडीएफ ने घटना की तीखी शब्दों में निंदा की है। प्रदेश भाजपा ने लोगों से आह्वान किया है कि हैलाकांदी और पूरे राज्य में शांति बनाये रखी जाए। वहीं प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि समय पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई न किये जाने के चलते यह घटना घटी। सोनोवाल सरकार के गृह विभाग के अस्तित्व पर ही इससे सवालिया निशान लगता है।


प्रदेश कांग्रेस ने घटना के दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। वहीं एआईयूडीएफ के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल ने कहा कि पवित्र रमजान में हम सभी पक्षों को शांति व भाईचारा बनाये रखने की अपील करते हैं। हैलाकांदी की घटना ने साफ कर दिया कि सरकारी तंत्र कानून व्यवस्था बनाये रखने में विफल हो गया। अजमल ने कहा कि शुक्रवार को इस्लाम धर्मांवलंबी मस्जिद में जाकर नमाज अता करते हैं, इसलिए भीड़ होती है। यह कोई नयी बात नहीं है। पुलिस प्रशासन पहले ही कदम उठाता तो इस तरह की घटना नहीं होती।

ट्रेंडिंग वीडियो