असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार हैलाकांदी जिले के मातीजुरी में काटाखाल नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। असम के छह जिले विश्वनाथ, कार्बी आंग्लांग पूर्व, कार्बी आंग्लांग पश्चिम, गोलाघाट, करीमगंज और हैलाकांदी बाढ़ की चपेट में आए हैं। प्रभावित गांवों की संख्या 222 है। बाढ़ से 1,127.72 हेक्टेयर फसल को नुकसान हुआ है। हैलाकांदी और करीमगंज में सबसे ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। करीमगंज जिले के पथारकांदी में 75 हजार और हैलाकांदी जिले के काटलीचेरा और लाला में 55 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित लोगों के लिए पथारकांदी में 54 और काटलीचेरा में 16 शिविर स्थापित किए गए हैं। असम में अभी तक किसी के मरने की खबर नहीं है। राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को उतारा गया है। करीमगंज जिले से 124 लोगों को बाहर निकाला गया है।