script8 महीने में भी नहीं बनी 1 किमी की सडक़ | 1 km of road not built even in 8 months | Patrika News

8 महीने में भी नहीं बनी 1 किमी की सडक़

locationग्वालियरPublished: May 18, 2019 07:57:10 pm

सडक़ पर जगह-जगह गिट्टी बिछा दी हैं, लेकिन उन पर रोलर नहीं चलाया गया है, जिससे दो पहिया वाहन सवार निकलते हैं तो वाहन फिसल जाता है। ठेकेदार की लापरवाही से एक दिन में ही कई वाहन चालक गिरकर घायल हो गए

road

8 महीने में भी नहीं बनी 1 किमी की सडक़

ग्वालियर. डीडी नगर से यूनीपेच फैक्ट्री तक सडक़ के निर्माण के लिए काम फिर शुरू हो गया है, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता और ठेकेदार की लापरवाही के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। ठेकेदार द्वारा गिट्टी तो सडक़ पर बिछा दी गई है, लेकिन उस पर सही ढंग से रोलर नहीं चलाया गया है, जिसके कारण वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं और कई लोग चोटिल हो चुके हैं। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने शिकायत भी की है, लेकिन अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
डी डी नगर से यूनीपेच फैक्ट्री तक 1 किमी की सडक़ का काम 8 महीने बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। सडक़ का काम विधानसभा चुनाव से पहले शुरू हुआ था, जो अभी तक चल रहा है। धीमी गति से निर्माण कार्य चलने के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। धूल के गुबार उडऩे के कारण श्वास रोगियों की संख्या में इजाफा हो गया है। लोगों को यहां से निकलना मुश्किल हो रहा है। करीब एक महीने से सडक़ का काम बंद था, जो गत दिवस फिर चालू हो गया है। सडक़ पर जगह-जगह गिट्टी के ढेर लगा दिए गए हैं। गिट्टी बिछा तो दी हैं, लेकिन उन पर रोलर नहीं चलाया गया है, जिससे गिट्टी सही ढंग से सेट नहीं हो पाई है। जब इन पर दो पहिया वाहन सवार निकलते हैं तो वाहन फिसल जाता है। ठेकेदार की लापरवाही से एक दिन में ही कई वाहन चालक गिरकर घायल हो गए। नियमानुसार गिट्टी पर पानी डालकर रोलर चलाना चाहिए था, जिससे गिट्टी सेट हो जाए और लोगों को परेशानी न हो, लेकिन नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नहीं किया लेवल में, कहीं ऊंची, कहीं नीची है गिट्टी

सडक़ पर गिट्टी डालते समय भी ध्यान नहीं रखा गया है। कहीं पर गिट्टी अधिक ऊंची है और कहीं पर नीची है। गिट्टी बिछाने के बाद इसे सही ढंग से लेवल में नहीं किया गया है। क्षेत्रीय निवासी दीपक सिंह के अनुसार लंबे समय से इस सडक़ का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। इसका जल्द निर्माण होना चाहिए, लोगों को बहुत अधिक परेशानी हो रही है। धूल उडऩे के कारण हालात बहुत बदतर हो गए हैं। रहवासी नरेन्द्र शर्मा के अनुसार सडक़ निर्माण बहुत धीमी गति से कार्य चल रहा है, जिसके कारण सभी को परेशानी हो रही है। इसको लेकर कई बार लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो