scriptबरई पंचकल्याणक महोत्सव : माता की गोद भराई के बाद सजा महाराजा नाभिराय का दरबार | barai me panchkalyanak | Patrika News
ग्वालियर

बरई पंचकल्याणक महोत्सव : माता की गोद भराई के बाद सजा महाराजा नाभिराय का दरबार

– नवीन प्रतिमाओं की आकार शुद्धि व माता के 16 स्वप्न का नाट्य मंचन

ग्वालियरDec 07, 2019 / 11:58 pm

Narendra Kuiya

बरई पंचकल्याणक महोत्सव : माता की गोद भराई के बाद सजा महाराजा नाभिराय का दरबार

बरई पंचकल्याणक महोत्सव : माता की गोद भराई के बाद सजा महाराजा नाभिराय का दरबार

ग्वालियर. जिनेश्वरधाम बरई में चल रहे पंचकल्याणक महोत्सव के दूसरे दिन गर्भ कल्याणक के उत्तर रूप की क्रियाएं हुईं। इसमें माता की गोद भराई, नवीन प्रतिमाओं की आकार शुद्धि और महाराजा नाभिराय का राज दरबार आकर्षण के मुख्य केंद्र रहे। आचार्य विशुद्ध सागर सहित तीन दर्जन दिगंबर संतों के सानिध्य में जिनेश्वरधाम में बनाई गई अयोध्या नगरी में शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में पंचकल्याणक के विभिन्न कार्यक्रम सम्पन्न हुए।
माता की गोद भराई में झूमे श्रद्धालु
जब अयोध्या नगरी के लोगों को खबर मिली कि माता के गर्भ में तीर्थंकर बालक का आगमन हुआ है तो पूरी अयोध्या में खुशी छा गई। इसके बाद महिला संगीत के साथ माता की गोद भराई की गई। इसके बाद अखंड सौभाग्यवती महिलाओं ने प्रतिष्ठित होने आईं प्रतिमाओं की आकार शुद्धि की। रात में जिनेश्वरधाम में महाराजा नाभिराय का दरबार सजाया गया। वहां आकर महाराजा ने माता द्वारा देखे गए 16 स्वप्नों का फल बताया। इसके बाद छप्पन कुमारियों ने झूमते-गाते हुए माता मरुदेवी को उपहार भेंट कर उनसे कुछ प्रश्न किए। तदुपरांत माता के 16 स्वप्न का मनोहारी नाट्य मंचन किया गया।
रविवार को होंगी जन्म कल्याणक की क्रियाएं
रविवार को पंचकल्याणक में तीर्थंकर बालक दुनिया में आएगा। जन्म के बाद बरई के पर्वत पर स्थित प्राचीन मंदिर परिसर में बनाई गई पांडुकशिला पर तीर्थंकर बालक का अभिषेक किया जाएगा। यह अभिषेक इंद्र-इंद्राणियों के साथ अन्य श्रद्धालुओं के अलावा महिलाएं भी कर सकेंगी। तीर्थंकर बालक को शोभायात्रा के साथ जिनेश्वरधाम से पर्वत स्थित मंदिर ले जाया जाएगा। इस यात्रा में इंद्र-इंद्राणी गजराज, घोड़े पर सवार होकर जाएंगे। रास्ते में कुबेर इंद्र रत्नों की वर्षा करेंगे।
चौदह स्थानों से चल रही नि:शुल्क बसें
श्रद्धालुओं को जिनेश्वरधाम तक ले जाने व वापस लाने के लिए ग्वालियर, लश्कर और मुरार क्षेत्र के 14 स्थानों से नि:शुल्क बसें चलाई जा रही हैं। जैन मंदिर डीडी नगर, लाल मंदिर सीपी कॉलोनी मुरार, हाई स्कूल चिक संतर मुरार, गुलाबचंद की बगीची थाटीपुर, एसपी ऑफिस सिटी सेंटर, हरिशंकरपुरम होटल प्रभा, चेतकपुरी पेट्रोल पंप, लोहा मंडी जैन मंदिर, नवाब का कुआ शिंदे की छावनी, जैन मंदिर विनय नगर, महावीर कॉम्प्लेक्स नई सडक़, जैन मंदिर नया बाजार, माधौगंज स्काउट ऑफिस, इमली नाका सिकंदर कंपू पर ये बसें चल रही हैं।

Home / Gwalior / बरई पंचकल्याणक महोत्सव : माता की गोद भराई के बाद सजा महाराजा नाभिराय का दरबार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो