scriptकांग्रेस के बहिष्कार के बीच 25 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण | bhumi pujan and opening of development works of 25 crores between Cong | Patrika News

कांग्रेस के बहिष्कार के बीच 25 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण

locationग्वालियरPublished: Mar 09, 2019 01:14:02 am

Submitted by:

Rahul rai

केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने 25 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कांग्रेसियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया और न तो कोई मंत्री पहुंचा, न विधायक और पार्षद पहुंचे

development works

कांग्रेस के बहिष्कार के बीच 25 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण

ग्वालियर। भाजपा-कांग्रेस के बीच विकास कार्यों के शिलान्यास और भूमिपूजन कर श्रेय की जंग चल रही है। इसमें शुक्रवार को नगर निगम द्वारा जल विहार में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने 25 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कांग्रेसियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया और न तो कोई मंत्री पहुंचा, न विधायक और पार्षद पहुंचे।
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि विकास निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। विकास का पहिया घूमता रहना चाहिए, इसके लिए शहर के सभी जनप्रतिनिधियों का एक ही विजन होना चाहिए, चाहे वह केन्द्र सरकार या राज्य सरकार के प्रतिनिधि हों।
गंदगी न होने देने का संकल्प लें
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि स्वच्छता एक संस्था व एक व्यक्ति का विषय नहीं है, यह लोगों के स्वभाव परिवर्तन का विषय है। इंदौर यदि स्वच्छता में नम्बर 1 है, तो इसका श्रेय इंदौर की जनता को ही जाता है। शहर में कहीं भी गंदगी न होने देने का संकल्प प्रत्येक शहरवासियों को लेना होगा, तभी हम अव्वल आ सकेंगे।
स्वच्छता के लिए टीम भावना हो: महापौर
कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर विवेक शेजवलकर ने की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में नम्बर 1 आने के लिए सभी को टीम भावना से कार्य करने की आवश्यकता है। मंच पर भाजपा विधायक भारत सिंह कुशवाह, पूर्व शहर अध्यक्ष अभय चौधरी, वर्तमान शहर अध्यक्ष देवेश शर्मा, पूर्व साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, जय सिंह कुशवाह, एमआइसी सदस्य सतीश बोहरे, खुशबू गुप्ता, सभापति राकेश माहौर आदि उपस्थित रहे।
नहीं आए कांग्रेसी
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में प्रदेश के खाद्य मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक प्रवीण पाठक और मुन्नालाल गोयल व नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कृष्णराव दीक्षित को आमंत्रित किया गया था, लेकिन इनमें से कोई नहीं आया, न ही कांग्रेस के पार्षद आए।
यह हुए भूमिपूजन व लोकार्पण
-ग्वालियर विधानसभा में 2 करोड़ 18 लाख 70 हजार 396 रुपए के कार्यों का भूमिपूजन।
– ग्वालियर दक्षिण विधानसभा में 10 करोड़ 58 लाख 01 हजार 923 रुपए के कार्यों का भूमिपूजन एवं 1 करोड़ 93 लाख 53 हजार 770 रुपए के कार्यों का लोकार्पण।
– ग्वालियर पूर्व में 6 करोड़ 10 लाख 53 हजार 225 रुपए के कार्यों का भूमिपूजन एवं 38 लाख 56 हजार 493 रुपए के कार्यों का लोकार्पण।
-ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा में 2 करोड़ 23 लाख 57 हजार 313 के कार्यों का भूमिपूजन एवं 1 करोड़ 51 लाख 1 हजार 500 रुपए के कार्यों का लोकार्पण।
पार्टी जहां से कहेगी, वहां से चुनाव लड़ेंगे: तोमर
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी जहां से कहेगी वहां से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने संसदीय क्षेत्र ग्वालियर में पांच वर्षों में कराए 10 हजार करोड़ से अधिक के कार्यों की विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि शिलान्यास लोकार्पण कार्यक्रम की झूठी राजनीति कर सत्ता हथियाना कांग्रेस का पुराना इतिहास है, आज भी वह ऐसा ही कर रहे हैं।
यह काम गिनाए
उन्होंने कहा पांच साल में दस हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्य कराए, इनमें 398.45 करोड़ रुपए की स्वीकृति के साथ चंबल से पानी लाने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने कहा कि 172.27 करोड़ रुपए की लागत से पांच ओवर ब्रिज, महाराज बाड़ा के सौंदर्यीकरण आदि के लिए 2305.27 करोड़ रुपए स्वीकृत कराए। एक हजार बिस्तर के अस्पताल के लिए 338.46 करोड़ रुपए ग्वालियर का हेरिटेज सर्किट के लिए 26.56 करोड़ रुपए, औद्योगिक विकास की योजनाओं के लिए 84.73 करोड़ रुपए स्वीकृत कराए हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो