ग्वालियरPublished: Nov 02, 2023 08:24:51 am
Sanjana Kumar
भाजपा नेता बोले... कांग्रेस नेता राजनीति में नया शब्द लेकर आए हैं कुर्ता फाड़
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर रविशंकर प्रसाद ने कहा, भारतीय जनता पार्टी की परंपरा है, चुनाव के बाद पार्टी का संसदीय बोर्ड विधायकों से चर्चा कर मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लेता है। चिंता न करें, योग्य व्यक्ति को ही मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। शिवराज ङ्क्षसह चौहान ही मुख्यमंत्री रहेंगे, इस पर उन्होंने स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा। बुधवार को ग्वालियर दौरे पर आए पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए कहा, मध्यप्रदेश के कांग्रेस नेता राजनीति में एक नया शब्द लेकर आए हैं कुर्ता फाड़। जब एक व्यक्ति जो मुख्यमंत्री पद का दावेदार है वो दूसरे पूर्व मुख्यमंत्री को कहे कि, जाओ उनका कुर्ता फाड़ो तो ये विश्वास का संकट है, राजनीतिक स्वार्थ का टकराव है। राजनीति में थोड़ा बहुत विरोध हो सकता है लेकिन दो बड़े नेता ऐसे शब्दों का प्रयोग सार्वजनिक रूप से करें तो ये चिंता का विषय है। मध्यप्रदेश की जनता ने ये सुना है। दोनों को दिल्ली बुलाया गया है। क्या दोनों के दिल्ली जाने से रिश्ते बनेंगे या फिर गड़बड़ाएंगे।