scriptआपस में भिड़े कांग्रेसी, ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में लगे नारे, कार्यक्रम छोड़ कमरे में घुसे मंत्री | Gwalior: clash in congress workers in minister umang singhar meeting | Patrika News

आपस में भिड़े कांग्रेसी, ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में लगे नारे, कार्यक्रम छोड़ कमरे में घुसे मंत्री

locationग्वालियरPublished: Sep 22, 2019 08:02:15 pm

Submitted by:

Muneshwar Kumar

मंत्री उमंग सिंघार के सामने ही भिड़े कांग्रेस कार्यकर्ता

7878901.jpg
ग्वालियर/ मध्यप्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। बड़े नेताओं की चेतावनी के बाद भी कांग्रेसी मानने को तैयार नहीं हैं। ग्वालियर के प्रभारी मंत्री उमंग सिंघार के कार्यक्रम में कुछ ऐसा ही नजारा दिखा, जहां कांग्रेस के दो गुट के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों गुट के समर्थक एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। स्थिति बिगड़ते देख मंत्री उमंग सिंघार कमरे में घुस गए और कार्यकर्ता हंगामा करते रहे।

दरअसल, प्रभारी मंत्री उमंग सिंघार ग्वालियर पहुंचे। वहां वह शिंदे के छावनी स्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता महाराज सिंह पटेल उमंग सिंघार के सामने अपनी बात रख रहे थे। महाराज सिंह पटेल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सुनी जा रही है। अधिकारी हमेशा अनदेखी करते हैं। मंत्री भी ख्याल नहीं रखते हैं।
महाराज सिंह पटेल ने जैसे ही ये बात मंत्री से कही। कार्यक्रम में बैठे एक कांग्रेस नेता उनके ऊपर भड़क गए। उन्होंने कहा कि ये गलत आरोप है। सभी लोगों की सुनी जा रही है। इसी दौरान दोनों खेमों के बीच तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई है। उसके बाद कार्यक्रम में हंगामा होने लगा। दोनों पक्ष के लोग जबरदस्त हंगामा करने लगे। उसके बाद मंत्री उमंग सिंघार कार्यक्रम को छोड़ कमरे में चले गए।

वहीं, हंगामे के दौरान एक पक्ष के लोग कांग्रेस वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के पक्ष में नारेबाजी करने लगे। वे जोर-जोर से ज्योतिरादित्य सिंधिया जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। दरअसल, पिछले ही दिनों भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी थी कि अनुशासनहीनता बर्दास्त नहीं की जाएगी। उसका कोई असर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर नहीं दिखा है।
भोपाल में भी हुआ था विवाद
दो दिन पहले भोपाल में भी कांग्रेस के एक कार्यक्रम को लेकर विवाद हुआ था। कांग्रेस की बैठक में प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया जब नेताओं को संबोधित कर रहे थे तभी कमलनाथ जिंदाबाद के नारे लगने लगे। इस पर बावरिया ने ऐतराज जताया तो विधायक आरिफ मसूद के साथ उनकी तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

ट्रेंडिंग वीडियो