script

मेरे पहचान वाले ने मुझे बेच दिया, टैक्सी वाले ने खरीदा, कराते थे गंदा काम

locationग्वालियरPublished: May 19, 2019 11:19:41 am

Submitted by:

Gaurav Sen

आनंद नगर में किराए के मकान में चलता था धंधा, पकड़ा

मेरे पहचान वाले ने मुझे बेच दिया, टैक्सी वाले ने खरीदा, कराते थे गंदा काम

मेरे पहचान वाले ने मुझे बेच दिया, टैक्सी वाले ने खरीदा, कराते थे गंदा काम

ग्वालियर. झांसी से लापता हुई लडक़ी को पहचान वाले युवक ने ग्वालियर लाकर टैक्सी संचालक को बेच दिया। संचालक एक महिला के साथ मिलकर लडक़ी से देह व्यापार करा रहा था। किसी तरह लडक़ी उनके चंगुल से छूटकर भाग निकली और पुलिस के हाथ लग गई। उसने अपनी आपबीती सुनाई तो पुलिस दंग रह गई। पहले तो उसके माता-पिता को बुलाया। फिर दबिश देकर टैक्सी संचालक और उस महिला को दबोच लिया। इनके साथ झांसी के दो और युवक मिले हुए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक 14 साल की लडक़ी विगत 16 अप्रेल से घर से लापता हो गई थी। घरवालों ने उसे ढूंढा लेकिन पता नहीं चला। उन्होंने झांसी में आवेदन भी दिया। लडक़ी से पूछताछ की तो उसने बताया उसे राहुल नाम का युवक और उसका साथी काम दिलाने के बहाने ग्वालियर लेकर आए थे। यहां लाकर उसे दीपक अग्रवाल को बेच दिया। दीपक टैक्सी चलवाता है। आनंद नगर में एक कमरा ले रखा है। उसके साथ एक महिला भी रहती है। उसी किराए के घर में उसने लडक़ी को रखा हुआ था। उससे देह व्यापार कराकर पैसे कमा रहा था। इस खुलासे पर पुलिस ने गिरोह के 4 लोगों पर मामला दर्ज किया। इसके बाद दीपक अग्रवाल और उसके साथ रहने वाली महिला को पकड़ा।

पत्नी को दूसरी जगह रखा, धंधे में महिला भी शामिल
दीपक अपनी पत्नी को मेवाती मोहल्ले में रखता है। आनंद नगर में दूसरा ठिकाना बनाकर एक अन्य महिला के साथ रहता था। यहीं पर ग्राहक आते उनसे पैसे लेता और लडक़ी से देह व्यापार करा रहा था।

मानव तस्करी सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज
बहोड़ापुर थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर दीपक अग्रवाल, उसके साथ रहने वाली महिला, झांसी निवासी राहुल ओर उसके साथी पर मानव तस्करी, बलात्कार, पॉस्को एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज की।

ग्राहकों की जानकारी में जुटी पुलिस
दीपक और उसके साथ रहने वाली महिला से शहर के कई ग्राहक जुड़े हुए हैं। जिनका इनसे फोन पर जुड़ाव रहता था। पुलिस उन ग्राहकों का भी पता कर रही है। इसलिए आरोपी के मोबाइल से कॉल डिटेल निकालकर उनके नाम निकाले जा रहे हैं। पुलिस उन पर भी कार्रवाई करेगी।

ऐसे पहुंची पुलिस
दीपक कहीं बाहर चला गया था। उसके साथ रहने वाली महिला किसी काम में व्यस्त हो गई। मौका पाकर लडक़ी वहां से भाग निकली। पुलिस को किसी ने फोन करके बताया कि एक लडक़ी के पीछे दो युवक भाग रहे हैं। मामला कुछ गड़बड़ है। खबर मिलते ही पुलिस उस बताए गए ठिकाने पर पहुंची तो लडक़ी दिखाई दे गई, लेकिन उसके पीछे भागने वाले युवक नजर नहीं आए। इसके बाद लडक़ी को कब्जे में लेकर थाने लाए।

लडक़ी को टैक्सी संचालक ने खरीदा था। उससे गलत काम कराया जा रहा था। किसी तरह लडक़ी इन लोगों के चंगुल से छूटकर भाग निकली। चार लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है।
विवेक अष्ठाना, टीआई बहोड़ापुर थाना

ट्रेंडिंग वीडियो