पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उनाव के पास स्थित कामद गांव में लक्ष्मणताल निवासी राजेन्द्र विश्वकर्मा पुत्र जगन्नाथ की पैतृक जमीन है। बंटवारे को लेकर इनका विवाद पहले से ही चल रहा था। राजेन्द्र का भतीजा मनोज पुत्र रामहुजूर विश्वकर्मा पत्नी के साथ उनाव में रहता है। चार दिन पहले मनोज कुल्हाड़ी लेकर आया तो चाचा ने पूछा कि क्यों कुल्हाड़ी लेकर आए हो। इस पर उसने टाल दिया।
मंगल-बुधवार की दरमियानी रात चाचा व भतीजा व चाची एक ही घर में सो रहे थे , तभी अचानक रात करीब ढाई बजे मनोज ने चाचा को कुल्हाड़ी मार दी। इससे वह जमीन पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव के लिए चाची उर्मिला भी आ गई। चाची को भी मनोज ने कुल्हाड़ी मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। देखते ही देखते चाचा का बेटा जीतू भी आ गया। उसे देखकर मनोज भाग $खड़ा हुआ।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक के शव को पीएम के लिए भेज दिया। वहीं घायल अवस्था में उर्मिला को पहले तो जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत खराब होने पर उसे इलाज के लिए झांसी रेैफर किया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर है। कोतवाली थाना प्रभारी अजय भार्गव के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए झांसी, उनाव समेत अन्य स्थानों पर पुलिस टीमें भेजी हैं।
शादी की तैयारी चल रही थी घर में
परिजनों के मुताबिक राजेन्द्र ने मनोज के भाई विनोद को अपने ही घर में रख रखा था। उसकी परवरिश भी राजेन्द्र ही कर रहा था। उसकी शादी होने वाली थी। लेकिन जमीन के लालच के आगे मनोज ने रिश्तों को ताक पर रख वारदात को अंजाम दे दिया।