ग्वालियर

शहर के कई प्रमुख मार्ग होंगे प्रदूषण मुक्त, जानिए क्या है प्लान

करीब तीन महीने पहले जिला यातायात समिति की बैठक में शहर में ई-रिक्शा जोन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इस पर जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और यातायात विभाग की सहमति बनी है।

ग्वालियरNov 20, 2019 / 01:25 am

Rahul rai

शहर के कई प्रमुख मार्ग होंगे प्रदूषण मुक्त, जानिए क्या है प्लान

ग्वालियर। शहर के कई मार्गों को प्रदूषण मुक्त करने के लिए परिवहन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा ई-रिक्शा जोन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन मार्गों पर टेंपो और मैजिक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। यह प्रस्ताव अंतिम सहमति के लिए यातायात समिति की बैठक में रखा जाएगा, इसके बाद शासन को भेजा जाएगा।
करीब तीन महीने पहले जिला यातायात समिति की बैठक में शहर में ई-रिक्शा जोन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इस पर जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और यातायात विभाग की सहमति बनी है। सांसद विवेक शेजवलकर भी बैठक में सहमति दे चुके हैं। यह जोन शहर के तीनों विधानसभा क्षेत्र में बनाए जाएंगे।
दो बार भेजे मंत्रियों, विधायकों को पत्र
ई-रिक्शा जोन के लिए परिवहन विभाग ने जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों से सहमति मांगते हुए मंत्री और विधायकों को दो बार पत्र लिखे थे, लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। जनप्रतिनिधियों की कोई आपत्ति न आने पर प्रस्ताव शासन को भेजने की तैयारी की जा रही है।
फिर रखेंगे यातायात समिति की बैठक में
परिवहन विभाग शहर में कुछ मार्गों को ई-रिक्शा जोन बनाने के लिए यातायात समिति की बैठक में सभी की सहमति के लिए फिर प्रस्ताव रखेगा।

इन सडक़ों पर दौड़ेंगे ई-रिक्शा
महाराज बाड़ा मार्ग-
ई-रिक्शा पाटनकर बाजार चौराहे से दौलतगंज महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, गश्त का ताजिया होकर पाटनकर बाजार चलेंगे। इसी तरह कस्तूरबा चौराहे से रॉक्सी पुल, महाराज बाड़ा से होकर चिटनिस की गोठ, रॉक्सी पुल होकर लक्कड़ खाना जाएंगे। इसी तरह से माधौगंज थाना, माधौगंज चौराहा, स्काउट गाइड से होकर महाराज बाड़ा आएंगे और जाएंगे।
कस्तूरबा गांधी चौराहा मार्ग
कस्तूरबा गांधी चौराहा से नया बाजार लोहिया बाजार तक, माधौगंज चौराहे से 13वीं वाहिनी, इमली नाका से कस्तूरबा गांधी चौराहा। सिकंदर कंपू से गुढ़ा गुड़ी का नाका, गिरवाई तक।

मुरार में यह मार्ग
मुरार में 7 नंबर चौराहा से सीपी कॉलोनी होकर एसएलपी कॉलेज तक, 7 नंबर चौराहे से नारकोटिक्स-अग्रेसन चौराहे से तिकोनिया तिराहा, एमएच चौराहा होकर बारादरी तक रहेगा।
शिंदे की छावनी बहोड़ापुर
शिंदे की छावनी से बहोड़ापुर चौराहा, शिंदे की छावनी से गेंडेवाली सडक़ होकर जीवाजीगंज तक, कटोराताल से माधव डिस्पेंसरी, नया बाजार, हुजरात पुल होकर दौलतगंज तक ई-रिक्शा चलेंगे।


शहर में ई-रिक्शा मार्ग बनाने के लिए आगामी यातायात समिति की बैठक में पुन:प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके बाद शासन के पास भेजा जाएगा। शासन से नोटीफिकेशन जारी होने पर ई-रिक्शा मार्ग तैयार होंगे।
डॉ.एमपी सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी

Home / Gwalior / शहर के कई प्रमुख मार्ग होंगे प्रदूषण मुक्त, जानिए क्या है प्लान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.