नौतपा: पहले ही दिन कम हुआ तापमान, अधिकतम 1 व न्यूनतम 2 डिग्री गिरा
ग्वालियरPublished: May 26, 2023 12:58:28 am
तेज हवा का दौर दिनभर जारी रहा, आने वाले दिनों में भी कम ही रहेगा तापमान


नौतपा: पहले ही दिन कम हुआ तापमान, अधिकतम 1 व न्यूनतम 2 डिग्री गिरा
देवास। नौतपा में अकसर तापमान 40 डिग्री के ऊपर ही रहता है लेकिन इस बार नौतपा के पहले ही दिन अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कमी आई। गुरुवार को अधिकतम तापमान में 1 डिग्री तो न्यूनतम में दो डिग्री की कमी आई। उधर दिनभर तेज हवा का दौर भी जारी रहा। उल्लेखनीय है कि इस बार सीजन में दो बार पारा 42 डिग्री पर पहुंचा था। नौतपा को देखते हुए माना जा रहा था कि तेज गर्मी रहेगी लेकिन गुरुवार को ऐसा कुछ नहीं हुआ। बुधवार की तुलना में गुरुवार को तापमान में कमी आई। बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया था। गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री पर पहुंच गया। उधर मौसम विशेषज्ञों की माने तो अरब सागर में बने चक्रवात से प्रदेश में नमी आ रही है। 23 मई से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी एक्टिव है। मई के आखिरी दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।