ग्वालियर

दिवंगतों की अस्थियां विसर्जन करने का उठाया बीड़ा

– कोरोना से मृत हुए लोगों की अस्थियों के नि:शुल्क विसर्जन का दायित्व लिया है स्वयंसेवकों ने, शनिवार को 4 तो रविवार को 8 लोगों की अस्थियां लेकर गए सोरो

ग्वालियरMay 10, 2021 / 05:42 pm

Narendra Kuiya

दिवंगतों की अस्थियां विसर्जन करने का उठाया बीड़ा

ग्वालियर. कोरोना संक्रमण काल में कोविड-19 से पीडि़त कई लोगों की मृत्यु हो गई। ऐसे में शहर के मुक्तिधामों में लगातार ऐसे लोगों का दाह संस्कार किया जा रहा है। दाह संस्कार के बाद कई लोगों के परिजन दिवंगतों की अस्थियां विसर्जन करने के लिए नहीं ले जा पा रहे हैं। ऐसे समय में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने दिवंगतों की अस्थियां विसर्जित करने का बीड़ा उठाया है। इसकी शुरूआत शनिवार से की गई थी। दो दिनों में कार्यकर्ता 12 लोगों की अस्थियां उत्तरप्रदेश के सोरो में विसर्जन करने के लिए ले गए। खास बात यह है कि कार्यकर्ताओं ने अस्थियों के विसर्जन के लिए यहां से सोरो जाने के लिए वाहन खर्च, पंडित की दक्षिणा आदि कार्य पूरी तरह से नि:शुल्क रखा है। ये सेवाकार्य हर शनिवार को जारी रहेगा।
परिजन से ले रहे मृतक की जानकारी
मृतक की अस्थियों का विधिवत ढंग से विसर्जन हो सके इसके लिए सभी बातों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। अस्थि विसर्जन के लिए लेकर जाने से पूर्व कार्यकर्ता मृतक के परिजनों से उसका नाम, गौत्र और दाह संस्कार करने वाला का नाम व्हाट्सअप के जरिए ले रहे हैं।
100 लोगों की टोलियां कर रही सेवाकार्य
कोरोना संक्रमण से लगातार लोगों की मौत हो रही है। इसके लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 कार्यकर्ता शहर के मुक्तिधामों पर सेवाकार्य कर रहे हैं। जिन मृतकों का दाह संस्कार करने के लिए कोई भी परिजन मुक्तिधाम नहीं पहुंच रहा है, ऐसे लोगों का दाह संस्कार भी ये कार्यकर्ता खुद ही कर रहे हैं।
मानवता की सेवा करना जरूरी
कोरोना संक्रमण काल में कई लोग अपने परिजनों का अस्थि विसर्जन करने नहीं जा पा रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए ये सेवा कार्य शुरू किया है। अभी अस्थियों को सोरो लेकर जा रहे हैं। आगे हरिद्वार लेकर जाने का भी मन बना रहे हैं। इस संक्रमण काल में मानवता की सेवा किसी भी रूप में की जा सकती है। हमारे कार्यकर्ता साथी मुक्तिधामों में भी सेवाकार्य कर रहे हैं।
– गोपाल कटारे, मुक्तिधाम व्यवस्थापक, आरएसएस

Home / Gwalior / दिवंगतों की अस्थियां विसर्जन करने का उठाया बीड़ा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.