ग्वालियर

बेटी से मिलकर घर लौट रहे सिपाही के सिर के ऊपर से निकला बस का पहिया, मौके पर तोड़ा दम

घर से बोलकर गए थे कि कुछ देर में लौट आएंगे

ग्वालियरJun 13, 2019 / 03:31 pm

Gaurav Sen

बेटी से मिलकर घर लौट रहे सिपाही के सिर के ऊपर से निकला बस का पहिया, मौके पर तोड़ा दम

ग्वालियर। बेटी से मिलकर घर लौट रहे बाइक सवार सिपाही को बस ने टक्कर मार दी। इससे वह सडक़ पर गिर पड़ा। बस का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना को देखकर पब्लिक चालक को पकडऩे भागी तो वह बस छोडकऱ भाग गया। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बस को जब्त कर चालक पर मामला दर्ज किया। हादसा बुधवार रात करीब 8 बजे नवग्रह मंदिर के पास हुआ।

पुलिस के मुताबिक गुढ़ा निवासी अजनायक सिंह (55) 13 वी बटालियन में ड्राइवर के पद पर थे। उनकी बेटी आनंद नगर में रहती है, इसलिए शाम करीब 5 बजे बेटी से मिलने ससुराल पहुंचे। बेटी से मिलकर बाइक से घर लौट रहे थे। अभी वह नवग्रह मंदिर के पास पहुंचे थे कि मुरैना की तरफ से आ रही बस एमपी 06 पी 1325 ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह बाइक से उछलकर सडक़ पर गिर पड़े। बस का पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया। लोग जब तक आए उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद वहां भीड़ जुट गई। कुछ देर बाद पुलिस भी आ गई। बस को जब्त कर थाने में खड़ा कराया और चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।

घर से बोलकर गए थे कि कुछ देर में लौट आएंगे
बेटी से मिलने के लिए जाते समय अजनायक घर पर पत्नी से बोलकर गए थे कि कुछ देर बाद घर लौट आएगे। पत्नी ने उनसे कहा भी कि संभलकर जाना। पत्नी उनके लौटकर आने का इंतजार कर रही थी। लेकिन अजनायक घर नहीं लौटे उनकी मौत की खबर पहुंच गई।

एक ही इलाका और एक ही बटालियन
पिछले 5 दिन में 13 वी बटालियन के दूसरे सिपाही की मौत हुई है। इससे पहले 8 जून को रामसेवक शर्मा की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। अब यह दूसरा हादसा हो गया। दोनों ही एक ही बटालियन मे सिपाही थी। दोनों ही गुढ़ा इलाके में रहते है।

बेटों पर आई जिम्मेदारी
अजनायक के दो बेटी औ दो बेटे है। बेटा अखिलेश और अनूप पढ़ाई पूरी कर चुके है। अभी बेरोजगार है। पिता की मौत के बाद अब घर की पूरी जिम्मेदारी बेटों पर आ गई है।

Home / Gwalior / बेटी से मिलकर घर लौट रहे सिपाही के सिर के ऊपर से निकला बस का पहिया, मौके पर तोड़ा दम

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.