पति के चरणों में सिर रखकर छोड़ा संसार
ग्वालियर के गांधी नगर इलाके में रहने वाले कारोबारी कमल किशोर गर्ग का 4 नवंबर को करवाचौथ के दिन बाइक से घर लौटते वक्त एक्सीडेंट हो गया था। हादसे में गंभीर रुप से घायल होने के बाद कमल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां 5 नवंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घर में कमल किशोर के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी और अर्थी उठने से ठीक पहले जब उनकी पत्नी अंगूरी देवी को पति के अंतिम दर्शन करने के लिए लाया गया तो पति की अर्थी की परिक्रमा करने के बाद अंगूरी देवी पति कमल किशोर के चरणों में माथा टेकने के लिए झुकी और फिर कभी नहीं उठीं। कुछ देर तक मां के न उठने पर जब बेटों ने उन्हें उठाने की कोशिश की तो एहसास हुआ कि मां अंगूरी देवी भी उनके बीच नहीं रहीं। डॉक्टर को बुलाया गया लेकिन तब तक अंगूरी देवी पति कमल के पीछे पीछे अनंत यात्रा पर जा चुकी थीं। जिसके बाद पिता के साथ मां की भी अर्थी घर से उठी।
55 साल साथ-साथ बांटे सुख-दुख
करीब 55 साल पहले कमल किशोर और अंगूरी देवी की शादी हुई थी। उनके तीन बेटे और दो बेटियां है, सभी की शादी हो चुकी हैं। बेटे बताते हैं कि माता-पिता में बेहद प्रेम था। जिंदगी के हर अच्छे बुरे पल में दोनों एक दूसरे के साथ रहे, पिता कहीं पर भी जाते थे तो मां को साथ लेकर जाते थे यहां तक कि एक दूसरे के बिना दोनों खाना तक नहीं खाते थे। मोहल्ले में रहने वाले लोग भी बताते हैं कि दोनों में अटूट प्रेम था।