weather update: आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठंड, कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी तक जारी रहेगी कड़कड़ाती ठंड, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में और गिरावट के आसार..

ग्वालियर. जम्मू कश्मीर से आ रही सर्द हवाओं ने प्रदेश में ठंडक बढ़ा दी है और बीते कुछ दिनों से गायब से रही ठंड ने एक बार फिर अचानक से प्रदेश में जोर पकड़ा है। सर्द हवाओं के असर से प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर के साथ तेजी से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर से नीचे लुढ़क गया है। गुरुवार की रात को भी कंपकपाने वाली ठंड बरकरार रही, मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में भी न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।

खजुराहो प्रदेश में सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में खजुराहो में सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई है यहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.8 डिसे कम रहा। भोपाल में बीते 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 5.8 डिग्री की गिरावट आई है और ठंड का कहर बरकरार है। सर्द हवाओं के चलने से मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले हफ्ते में भी ऐसी ही ठंड बरकरार रहेगी।

यहां चलेगी शीतलहर
मौसम विभाग ने रीवा, ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों के साथ ही रायसेन, उमरिया, टीकमगढ़, सागर और रतलाम जिलों में शीतलहर चलने का अनुमान जताया है। वहीं छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, सतना, मंडला, जबलपुर, राजगढ़, उज्जैन, इंदौर व धार जिले में शीतलदिन रहने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक छतरपुर, बालाघाट, रीवा, सतना व ग्वालियर जिले में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। शहडोल व जबलपुर संभाग के जिलों के साथ ही सिंगरौली में हल्की बारिश व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान भी मौसम विभाग ने जताया है।
एक फरवरी से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जम्मू कश्मीर में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। 1 फरवरी को यह सक्रिय हो सकता है। इसके असर से न्यूनतम तापमान में इजाफा होगा और बादल भी छाएंगे, लेकिन बादलों की वजह से दिन के तापमान में गिरावट आएगी। फरवरी में भी ठंड का एक झटका आएगा, जिससे कंपाने वाली ठंड का एहसास होगा।
देखें वीडियो- गोटेगांव में झांसी घाट पर लगा लंबा जाम
अब पाइए अपने शहर ( Gwalior News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज