बुधवार को भी पुलिस को हत्या के आरोपी नहीं मिल पाए हैं। मंगलवार रात 10 बजे अशोक कालोनी नदी पार टाल थाटीपुर में यह वारदात हुई है। बताया जा रहा है कि हत्या का आरोपी वार्ड 20 से पार्षद प्रत्याशी भी रह चुका है।
थाटीपुर पुलिस के मुताबिक अशोक कॉलोनी में रहने वाला 23 साल का संदीप जाटव पुत्र भूमिजीत सिंह जाटव इलाके में रंगदारी करता है। कुछ माह से वह क्षेत्र के ही लोको गुर्जर के साथ रहने लगा था। संदीप का साथ मिलने से दोनों की रंगदारी भी क्षेत्र में बढ़ गई थी। यह बात वहीं रहने वाले राकेश जखोदिया और उनके बेटे विक्की जखोदिया को ठीक नहीं लग रही थी। राकेश जखोदिया वार्ड-20 से कांग्रेस से पार्षद प्रत्याशी रह चुका है, लेकिन हार गया था। इस बार फिर वह चुनाव की तैयारी कर रहा था। लोको से जखोदिया की रंजिश थी। कुछ दिन पहले उन्होंने संदीप को चेतावनी भी दी थी, लेकिन संदीप ने उन्हें उल्टा उन्हें ही धमका दिया था।
ऐसे घेरकर मारी गोली
मंगलवार रात 10 बजे का समय था। संदीप पैदल ही अपने क्षेत्र में जा रहा था। तभी रास्ते में राकेश जखोदिया और उसके बेटे विक्की जखोदिया, और विक्की पंडित व अन्य ने उसे घेर लिया। बदमाशों के हाथ में पिस्तौल व कट्टे थे। संदीप उनके मंसूबे समझ गया और वहां से भागने लगा और एक घर में घुस गया। लेकिन, बदमाश उसके पीछे दौड़े और लगातार गोलियां चलाते रहे। जब संदीप बुरी तरह घायल हो गया तो बदमाश वहां से भाग निकले।
वो तड़पता रहा, कोई मदद नहीं कर सका
सीसीटीवी फुटेज में भी स्पष्ट दिख रहा है कि वो तड़पता रहा लेकिन कोई उसे बचाने आगे नहीं आया। उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। संदीप जब जान बचाने एक घर में घुसा तो बदमाश उसे घसीटकर बाहर ले आए और सड़क पर छोड़ दिया। समय पर उसे अस्पताल ले जाया जाता तो वह बच जाता। लेकिन, दहशत में कोई भी उसके पास नहीं आया।पुलिस बुधवार को भी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक गिरफ्त में नहीं आ पाए हैं।
बच गई मासूम बच्ची
यह वारदात सीसीटीवी में भी कैद हो गई। संदीप जब बचने के लिए भाग रहा था, तभी दो युवक पीछे भाग रहे थे। एक टोपी वाला था और ताबड़तोड़ गोलियां चला रहे थे। एक बार वह जाते हैं और गन लोड कर फिर आकर गोलियां चलाते हैं। इस दौरान वहां तीन से चार बच्चे खेल रहे थे। गोलियों की आवाज सुनकर बच्चे वहां से भाग गए, नहीं भागते तो किसी को भी गोली लग सकती थी। घटना के बाद से अशोक कालोनी क्षेत्र में तनाव की स्थिति है।