सुबह हुआ हादसा जानकारी के मूताबिक, हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के सिकरोढ़ी गांव में शनिवार सुबह हादसा हुआ है। बताया जाता है कि शनि अमावस्या के पर्व पर तमाम ग्रामीणवासी यमुना नदी में सुबह स्नान करने को गए थे। इस दौरान कक्षा 11वीं का छात्र रामबिहारी (16) पुत्र फूल सिंह समेत 8 लड़के भी यमुना नदी नहाने गए थे। नहाते समय अचानक पानी के तेज बहाव से सभी छात्र गहरे पानी में डूबने लगे। तभी नदी किनारे मौजूद कुछ मछुआरों की नजर डूबते छात्रों पर पड़ी। मछुआरों ने तुरंत नांव छोड़ी और पानी में डूब रहे छात्रों को बचाने के लिए नदी में कूद गए। उधर, हादसे की सूचना पर गांव के भी तमाम लोग और छात्रों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
एक छात्र लापता उधर, सूचना पर पहुंचे गांव के गोताखोरों को भी यमुना नदी में उतारा गया और कुछ ही समय बाद एक-एक कर सात छात्रों को नदी से बाहर निकाल लिया गया। लेकिन छात्र रामबिहारी का कोई पता नहीं चल सका। हमीरपुर से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर नदी में स्थानीय पुलिस के साथ लापता छात्र की तलाश में सर्च ऑपरेशन कर रही है लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं जो छात्र बच गए हैं, वह अपने घरों में दुबक गए हैं।
गर्मी से परेशान होकर गए थे नहाने सिकरोढ़ी गांव के सरपंच हनुमान निषाद ने बताया कि पिछले तीन दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी से परेशान गांव के लड़के पास में ही बहने वाली यमुना नदी में रोज नहाने जाते थे। आज भी रोज की तरह गांव के सात लड़के कक्षा ग्यारहवीं के छात्र रामबिहारी के साथ यमुना नदी नहाने गए थे, जहां सभी लोग गहरे पानी में चले गए। बताया कि मौके पर मौजूद नाविकों ने किसी तरह 7 लड़कों को गहरे पानी से बाहर निकाल लिया लेकिन रामबिहारी का अभी तक कोई पता नहीं चल रहा है। उधर, सीओ सदर विवेक यादव ने बताया कि यमुना नदी से सात छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि रामबिहारी नाम का छात्र लापता है। जिसे खोजने के लिए नदी के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।